Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी का बयान उनकी राजनीतिक हताशा और भाजपा की घबराहट का स्पष्ट प्रमाण है। राहुल गांधी की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना सूरज को दीया दिखाने के समान है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि राहुल गांधी की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने कन्याकुमारी से कश्मीर तक और मणिपुर से मुंबई तक की यात्राएं कर देश के आम लोगों, युवाओं, किसानों और महिलाओं के मुद्दों को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाया है। आज पूरा देश देख रहा है कि राहुल गांधी जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं, चाहे वह न्याय की गारंटी हो या संविधान बचाने की लड़ाई।
प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बाबूलाल मरांडी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अपनी खुद की राजनीतिक जमीन खो चुके नेता दूसरों की विश्वसनीयता पर प्रवचन न दें। राहुल गांधी ने नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने का जो संकल्प लिया है, उससे भाजपा और उसके नेताओं की नींद उड़ गई है। देश की जनता राहुल गांधी के विजन पर भरोसा कर रही है, यही कारण है कि भाजपा उनके खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कर रही है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को राहुल गांधी की चिंता करने के बजाय झारखंड की जनता को यह बताना चाहिए कि केंद्र सरकार ने राज्य के हक का 1.36 लाख करोड़ रुपया क्यों रोक रखा है। जनता की नजर में राहुल गांधी एक सच्चे जननायक हैं और उनकी बढ़ती लोकप्रियता ही भाजपा की सबसे बड़ी चुनौती है।
