Ranchi: श्री महावीर मंडल रांची के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक श्री महावीर मंडल रांची के अध्यक्ष सागर वर्मा की अध्यक्षता में महावीर चौक स्थित महावीर मंडल केंद्रीय कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में सचिव निलेश यादव, उपाध्यक्ष राजा सेन गुप्ता, राहुल सिन्हा चंकी, सह मंत्री उदय रविदास, प्रकाश सिन्हा, संतोष गुप्ता, कोषाध्यक्ष आनंद जालान एवं अंकेक्षक बृजेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष मंगलवारी शोभा यात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी। बैठक की जानकारी देते हुए अध्यक्ष सागर वर्मा ने बताया कि मंगलवारी जुलूस प्यादा टोली से प्रारंभ होगी, जबकि अन्य जुलूस रातू रोड, बाजरा, गांधीनगर, धवन नगर, सीएमपीडीआई, कचहरी रोड, भुतहा तालाब, चैती दुर्गा, नवा टोली, बाजार टांड, मारवाड़ी धर्मशाला और लेक रोड होते हुए प्राचीन हनुमान मंदिर महावीर चौक पहुंचेगी। यहां पूजा-अर्चना के पश्चात अखाड़ा धारियों द्वारा अस्त्र-शस्त्र के साथ प्रदर्शन किया जाएगा। जुलूस संध्या लगभग 8 बजे महावीर चौक पहुंचेगी तथा रात्रि 1 बजे तक पूजा-अर्चना और अखाड़ों के खेल प्रदर्शन के बाद निर्धारित मार्ग से वापस होगी।

मंगलवारी शोभा यात्रा में विभिन्न अखाड़ों के भक्त महावीरी झंडा के साथ शामिल होंगे। इसके अलावा महिला महावीर मंडल, नारी सेना तथा श्री महावीर मंडल रांची के वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। अध्यक्ष सागर वर्मा ने शोभा यात्रा की सफलता के लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी हैं।
इस अवसर पर श्री महावीर मंडल रांची के पूर्व अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे एवं वरिष्ठ सहयोगी लाल किशोर नाथ शाहदेव भी केंद्रीय कार्यालय पहुंचे। दोनों ने पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रामनवमी महोत्सव के सफल और भव्य आयोजन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया।
