Ranchi: पूरे झारखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का 47वां स्थापना दिवस पूरे उल्लास और धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान प्रदेश कार्यालय रांची में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता और विचारधारा आधारित पार्टी है। पार्टी आज जिस मुकाम पर है, यह करोड़ों कार्यकर्ताओं की तपस्या और मेहनत का परिणाम है। करोड़ों गुमनाम कार्यकर्ताओं ने अपनी अथक मेहनत से इस पार्टी को सींचने का काम किया है। बीजेपी आज वटवृक्ष बन चुका है, इससे 140 करोड़ लोगों को छांव मिल रहा है।  1984 में पार्टी को दो सीट आने पर कांग्रेस पार्टी हंस रही थी। विडंबना देखिए कि आज कांग्रेस की स्थिति पर पूरी दुनिया हंस रही है। कांग्रेस स्वार्थपूर्ति के लिए, जबकि बीजेपी राष्ट्रहित के लिए राजनीति करती है। कांग्रेस द्वारा देश को गर्त में धकेला गया। बीजेपी ने देश को नारकीय स्थिति से उबारा है।

आदित्य साहू ने कहा कि 1951 से 1980 तक एवं 1980 से अब तक जिस सोच और सपने के साथ संगठन और पार्टी को सींचा गया, पहले अटल बिहारी जी और अब नरेंद्र मोदी सरकार में अंत्योदय का वह सपना साकार होता दिख रहा है। भाजपा अंत्योदय के संकल्पों को पूरा करते हुए आत्मनिर्भर भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़ चली है। जनता का अपार स्नेह और समर्थन पार्टी के साथ है।

वहीं भाजपा के स्थापना दिवस के मौके पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा देश और समाज के लिए राजनीति करती है। असंख्य समर्पित कार्यकर्ताओं की बदौलत आज पार्टी इस मुकाम पर स्थापित हो पाई है। हमारे लिए देश प्रथम है। इसलिए जनसंघ का विलय और मिली जुली सरकार होने के बावजूद अटल बिहारी सरकार द्वारा परमाणु परीक्षण करने में कोई हिचकिचाहट आड़े नहीं आई। नरेंद्र मोदी की सरकार में हर एक सपना, राम मंदिर निर्माण, धारा 370 हटाना सहित तमाम जो पुराने लंबित मांगें जो जनहित में थी उसे आज पूरा किया जा रहा है। यह सब देश की जनता की ताकत और कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण ही संभव हो पाया है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जनसंघ से लेकर भाजपा की यात्रा काफी प्रेरणादायक है। उन्होंने जनसंघ और बीजेपी के संघर्षपूर्ण यात्रा पर विस्तार पूर्वक चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारत को फिर से विश्वगुरु बनाने की यात्रा है। सशक्त भाजपा से ही सशक्त भारत का निर्माण होगा।

वहीं भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी और दीनदयाल उपाध्याय जी यानि दो लोगों के द्वारा जनसंघ प्रारंभ किया गया। कालांतर में 1980 में आज ही के दिन बीजेपी का गठन किया गया। आज बीजेपी किस शिखर पर है, बतलाने की जरूरत नहीं है। यह बतलाता है कि एक व्यक्ति अगर ठान ले तो वह कुछ भी कर सकता है। बीजेपी 14 करोड़ से अधिक सदस्यों की पार्टी बन चुकी है। इस परिवार या संगठन में कोई नया पुराना नहीं होता। विचारधारा को समर्पित सभी कार्यकर्ता अपने हैं। संगठन का विस्तार और मां भारती की जय ही सभी का उद्देश्य होना चाहिए। बीजेपी अन्य पार्टियों से बिल्कुल अलग है। संगठन ही हमारी शक्ति है।इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष  यदुनाथ पांडेय, वरिष्ठ नेता सूर्यमणि सिंह, मधु साहू ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

वहीं  इसके पूर्व पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर और राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् गाकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। साथ ही मंचासीन नेताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मीडिया सह प्रभारी  योगेंद्र प्रताप सिंह ने किया। जबकि इस दौरान कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, भानु प्रताप शाही, प्रदेश मंत्री  शैलेन्द्र सिंह,  अमरदीप यादव, सुनीता सिंह, शालिनी बौशखियार, कोषाध्यक्ष दीपक बंका,  हेमंत दास,  सूरज चौरसिया, कमाल खां, प्रेम मित्तल,  आरती कुजूर, प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, अमित मंडल, राफिया नाज, शोभा यादव, रमेश सिंह, संदीप वर्मा , सुरेश साव, अनामिका जूही, मनोज दूबे सहित काफी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!