Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा नेता भानु प्रताप शाही के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे झूठ का पुलिंदा और हताशा में दिया गया बयान करार दिया है।लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा नेता इस तरह व्यवहार कर रहे हैं जैसे केंद्र सरकार ने झारखंड पर कोई व्यक्तिगत उपकार किया हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायतों को मिलने वाली राशि केंद्रीय वित्त आयोग की अनुशंसा पर मिलने वाला राज्यों का संवैधानिक हिस्सा है। यह कोई बख्शीश या दान नहीं है, बल्कि झारखंड की जनता का अपना पैसा है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से जो राशि दी गई है वह दो साल पहले ही मिल जानी चाहिए थी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से राशि जारी करने को लेकर कई तरह के अड़ंगे लगाने की कोशिश की गई।एक वर्ष पहले ही राज्य सरकार की ओर सारे सवालों का जवाब भी दे दिया गया था । इसके बावजूद राशि निर्गत करने में इतना विलंब हुआ। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से जो राशि उपलब्ध कराई गई है वह कोषागार से सीधे पंचायत में पहुंचेगी और इसमें कहीं कोई बिचौलिए की बात उत्पन्न ही नहीं होती है।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार की ओर से आवास योजना के लिए जो राशि दी जाती है उसमें 40 प्रतिशत का अंश राज्य सरकार का होता है ।इसके अलावा अबुआ आवास योजना के तहत राज्य सरकार की ओर से गरीबों को घर बनाने के लिए 200000 की सहायता दी जा रही है। क्योंकि केंद्र की सरकार ने झारखंड में पिछले तीन वर्षों से प्रधानमंत्री आवास की योजना बंद कर दी थी ।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा भाजपा को यह समझना चाहिए कि संघीय व्यवस्था में राज्यों को फंड देना केंद्र की जिम्मेदारी है, न कि कोई राजनीतिक अहसान।
उन्होंने कहा कि कट कमीशन का डर भाजपा को अपनी सरकार की याद दिलाता है। भानु प्रताप शाही द्वारा कट कमीशन और भ्रष्टाचार की आशंका जताने पर लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा के मन में जो भय है, वह दरअसल उनके अपने शासनकाल की यादें हैं। बीजेपी की सरकार के दौरान जिस तरह डोभा और कंबल घोटालों के जरिए राज्य की तिजोरी लूटी गई, भाजपा आज भी उसी चश्मे से सबको देख रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा गठबंधन की सरकार में पंचायत प्रतिनिधियों को सशक्त किया गया है और राशि सीधे ग्राम विकास के लिए इस्तेमाल हो रही है, जिससे भाजपा नेताओं के पेट में दर्द हो रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा केंद्र से बकाया राशि मांगने को झूठा रोना कहे जाने पर कांग्रेस प्रवक्ता ने पलटवार करते हुए कहा कि झारखंड का 1 लाख 36 हजार करोड़ रुपया आज भी केंद्र के पास कोयला रॉयल्टी और अन्य मदों में बकाया है। अगर प्रधानमंत्री झारखंड के इतने ही शुभचिंतक हैं, तो वे राज्य का यह वैध हक क्यों दबा कर बैठे हैं?अगर वह राशि मिल जाए, तो झारखंड की पंचायतों की तस्वीर बदल जाएगी, लेकिन भाजपा केवल चुनावी जुमलेबाजी में विश्वास रखती है।

भाजपा द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों से निगरानी करने के आग्रह पर शाहदेव ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए प्रतिनिधियों को राज्य सरकार के खिलाफ भड़काने की साजिश कर रही है। राज्य सरकार ने पहले ही व्यवस्था पारदर्शी बनाई है और किसी भी बिचौलिये की जगह इस तंत्र में नहीं है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव नल-जल योजना और पीएम आवास की धीमी गति पर कहा कि केंद्र सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए राज्यों पर दोष मढ़ती है। जब केंद्र फंड रोकने और जांच एजेंसियों के जरिए सरकार को अस्थिर करने में लगा रहता है, तब विकास की गति पर असर पड़ता है। इसके बावजूद अबुआ आवास योजना ने राज्य में गरीबों को छत देने का जो काम किया है, उसने भाजपा के पीएम आवास के दावों की हवा निकाल दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!