अजय साह जिस गड़बड़झाले की बात कर रहे हैं, वह उनकी कल्पना मात्र है, विपक्ष के पास सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की कोई काट नहीं:लाल किशोर नाथ शाहदेव

Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने अजय साह द्वारा वित्त विभाग पर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार, भ्रामक और राजनीतिक कुंठा का परिणाम बताया है।लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि नीति आयोग की ओर से पिछले दिनों देश भर के विभिन्न राज्यों के फिजिकल हेल्थ इंडेक्स को लेकर एक रैंकिंग जारी की गई थी। नीति आयोग की इस रैंकिंग में झारखंड को दूसरा स्थान मिला है इससे पहले झारखंड तीसरे और चौथे नंबर पर था। इस तरह से फिजिकल हेल्थ इंडेक्स में झारखंड की स्थिति लगातार बेहतर हो रही है। इसलिए भाजपा प्रवक्ता को नीति आयोग से यह सवाल करना चाहिए कि आखिर जब झारखंड के वित्तीय व्यवस्था में लगातार सुधार हो रहा है तो नीति आयोग की रिपोर्ट इस तरह से क्यों आ रही है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि जब से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गठबंधन की सरकार बनी है और वित्त विभाग कांग्रेस के मंत्री संभाल रहे है राज्य की वित्तीय स्थिति को न केवल सुधारा गया है, बल्कि संसाधनों का सीधा लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि अजय साह जिस गड़बड़झाले की बात कर रहे हैं, वह उनकी कल्पना मात्र है। विपक्ष के पास सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की कोई काट नहीं है, इसलिए वे अब संवैधानिक विभागों पर उंगली उठाकर सनसनी फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन सरकार के दौरान वित्त विभाग ने पेंशन योजना, मंईयां सम्मान योजना और ऋण माफी जैसे ऐतिहासिक कार्य किए हैं। यह सब बेहतर वित्तीय प्रबंधन के बिना संभव नहीं था।

कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग आज सवाल उठा रहे हैं, उन्हें अपने समय के हाथी उड़ाने वाले खर्चों और डबल इंजन सरकार की वित्तीय विफलताओं को याद करना चाहिए। आज पाई-पाई का हिसाब जनता के विकास में खर्च हो रहा है।लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड की जनता सब देख रही है। अगर कहीं कोई विसंगति होती, तो आज सरकारी मशीनरी उसे उजागर करती। बिना किसी ठोस तथ्य के फेसबुक लाइव पर आकर आरोप लगाना केवल सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का माध्यम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!