Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा एक कुख्यात अपराधी के वीडियो को साझा करने और पुलिस प्रशासन पर हमला बोलने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अब अपराधियों के प्रवक्ता की भूमिका में नजर आ रही है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि एक अपराधी जो विदेश में बैठकर झारखंड की शांति भंग करने की कोशिश कर रहा है, उसके वीडियो को राज्य के एक पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष द्वारा प्रचारित करना बेहद आपत्तिजनक है। इससे अपराधियों का दुस्साहस बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि धनबाद पुलिस और वहां के वरीय अधिकारी संगठित अपराध के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। जब पुलिस अपराधियों पर नकेल कसती है, तो बौखलाहट में अपराधी इस तरह के अनर्गल आरोप लगाते हैं। भाजपा इन आरोपों को ढाल बनाकर वर्दी का अपमान कर रही है और पुलिस का मनोबल तोड़ना चाहती है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने तंज कसते हुए कहा कि बाबूलाल मरांडी के पास अब जनता के मुद्दे नहीं बचे हैं, इसलिए वे सोशल मीडिया पर वायरल अपराधियों के वीडियो के सहारे अपनी राजनीति चमकाना चाहते हैं। केंद्रीय एजेंसियों को टैग करना यह दर्शाता है कि भाजपा हर छोटे-बड़े प्रशासनिक मामले को राजनीतिक रंग देकर राज्य सरकार को अस्थिर करने की साजिश रचती है।
प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने स्पष्ट किया कि गठबंधन की सरकार कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर है। यदि कोई भी साक्ष्य मिलता है, तो सरकार उचित कार्रवाई करती है, लेकिन किसी अपराधी के स्क्रिप्टेड वीडियो के आधार पर ईमानदार अधिकारियों को हटाना न्यायसंगत नहीं है।
