Ranchi: भाजपा नेता और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा राज्य की कानून व्यवस्था पर दिए गए बयान को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूरी तरह राजनीतिक प्रलाप और तथ्यहीन करार दिया है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने पलटवार करते हुए कहा कि बाबूलाल मरांडी का बयान उनकी राजनीतिक हताशा को दर्शाता है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड में आज जो भी संगठित अपराध या माफिया गिरोह सक्रिय हैं, वे भाजपा के डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में ही फले-फूले थे। हेमंत सरकार तो उन पर नकेल कसने और उन्हें सलाखों के पीछे भेजने का काम कर रही है।

प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि पुलिस प्रशासन पर ऊंगली उठाकर बाबूलाल मरांडी उन जवानों और अधिकारियों का मनोबल गिरा रहे हैं, जो अपनी जान जोखिम में डालकर अपराधियों से लोहा ले रहे हैं। धनबाद हो या पूरा झारखंड, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बड़े-बड़े गिरोहों का पर्दाफाश किया है।

वहीं अधिकारियों की नियुक्ति पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि तबादले और नियुक्तियाँ प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं। भाजपा को हर ईमानदार और कर्मठ अधिकारी दागी नजर आता है क्योंकि वे उनके एजेंडे पर काम नहीं करते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!