Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदर्शन को “फूहड़ राजनीति” और “जनता की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश” करार देते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश इस समय महंगाई, बेरोजगारी, गिरती अर्थव्यवस्था, रुपए की लगातार कमजोर होती स्थिति, पेट्रोल-डीजल की बेतहाशा कीमतों और पेपर लीक जैसे गंभीर संकटों से जूझ रहा है, लेकिन भाजपा जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय राजनीतिक नौटंकी में लगी हुई है।
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि आज हर वर्ग परेशान है। युवा नौकरी के लिए दर-दर भटक रहे हैं, प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य अंधकार में जा रहा है। नीट और अन्य भर्ती परीक्षाओं में हुए घोटालों ने देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दूसरी तरफ डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार कमजोर हो रहा है, महंगाई आसमान छू रही है और आम आदमी की कमर टूट चुकी है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का असर यह है कि आज मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर और छोटे कारोबारी सबसे ज्यादा संकट में हैं। एक तरफ प्रधानमंत्री लोगों को ईंधन बचाने, गाड़ी कम चलाने और विदेश यात्रा नहीं करने की नसीहत दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ स्वयं बड़े-बड़े काफिलों के साथ चलते हैं और 15 तारीख से विदेश यात्रा पर जा रहे हैं। आलोक कुमार दूबे ने कहा कि प्रधानमंत्री को जनता को उपदेश देने से पहले अपने आचरण और व्यवहार में भी उसी बात को लागू करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब देश की जनता महंगाई और आर्थिक संकट से जूझ रही है तब सरकार का यह दोहरा रवैया लोगों के बीच सवाल खड़े कर रहा है। आम आदमी से त्याग की अपेक्षा की जा रही है, लेकिन सत्ता में बैठे लोग खुद उस त्याग का पालन करते नहीं दिख रहे।
कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि भाजपा को वास्तव में प्रदर्शन करना ही है तो उसे प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करना चाहिए। भाजपा को महंगाई कम करने, बेरोजगारी दूर करने, रुपए को मजबूत करने, पेपर लीक रोकने और छोटे व्यापारियों को राहत देने के लिए आंदोलन करना चाहिए। लेकिन भाजपा के नेता जनता की पीड़ा से कोई सरोकार नहीं रखते, उनका उद्देश्य सिर्फ भ्रम फैलाना और असली मुद्दों से ध्यान भटकाना है।
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि देश की जनता अब भाजपा की “इवेंट मैनेजमेंट वाली राजनीति” को समझ चुकी है। जनता को भाषण नहीं, राहत चाहिए। युवाओं को रोजगार चाहिए, गृहिणियों को महंगाई से राहत चाहिए और व्यापारियों को आर्थिक सुरक्षा चाहिए। भाजपा के प्रदर्शन से न तो पेट्रोल सस्ता होगा, न रोजगार मिलेगा और न ही जनता की परेशानियां कम होंगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए विपक्ष शासित राज्यों पर अनर्गल आरोप लगाने तथा राजनीतिक ड्रामा करने में जुटी हुई है। कांग्रेस पार्टी जनता के वास्तविक मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी और भाजपा की जनविरोधी नीतियों को बेनकाब करेगी।
