Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाह देव के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि भाजपा के पास मुद्दों का अकाल है, इसलिए वे झूठ और प्रोपेगेंडा का सहारा ले रहे हैं। आलमगीर आलम की पत्नी निशत आलम को पाकुड़ में रिकॉर्ड वोट से जीता कर वहां की जनता पहले ही क्लीन चिट दे चुकी है और पार्टी को अदालत पर भी पूरा भरोसा है, जल्द ही न्याय मिलने की उम्मीद है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि आलमगीर आलम को सुप्रीम कोर्ट से बेल मिली है, जो यह साबित करता है कि न्यायिक प्रक्रिया अपना काम कर रही है। भाजपा का काम केवल जांच एजेंसियों को हथियार बनाकर विपक्ष को बदनाम करना है। जब अदालत ने उन्हें राहत दी है, तो यह हमारे लिए खुशी की बात है और कार्यकर्ता अपनी खुशी का इजहार लोकतांत्रिक तरीके से कर रहे हैं। भाजपा को न्यायपालिका के फैसले पर सवाल उठाने के बजाय आत्मचिंतन करना चाहिए।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि प्रतुल शाह देव और उनकी पार्टी केवल कमीशन और करप्शन की बात करके जनता को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं। जिस टेंडर घोटाले की वे बात करते हैं, वह पूरी तरह से भाजपा द्वारा प्रायोजित राजनीतिक साजिश है। भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा ही झूठ है। वे यह भूल जाते हैं कि केंद्र की उनकी सरकार के संरक्षण में देश के बड़े-बड़े उद्योगपति जनता का हजारों करोड़ लेकर विदेश भाग गए, उस पर भाजपा मौन क्यों है?
राज्य की बदहाल स्थिति के भाजपाई आरोपों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। हमारी सरकार आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार के माध्यम से जनता तक पहुंच रही है। रही बात पेयजल और स्वास्थ्य व्यवस्था की, तो जिन विभागों की ये बात कर रहे हैं, उन पर भाजपा के शासनकाल में केवल लूट हुई थी, जिसे हमारी सरकार ठीक करने का प्रयास कर रही है।
क्या कहा था झारखण्ड भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने इस लिंक पर देखें
