Ranchi : अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर आयोजित एक गरिमामयी सम्मान समारोह में आइरिस हॉस्पिटल में प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे द्वारा नर्सों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने नर्सों के समर्पण, सेवा और मानवता के प्रति उनके योगदान को नमन करते हुए उन्हें सर्टिफिकेट एवं पौधा देकर सम्मानित किया।
समारोह के दौरान नर्स बहनों ने केक काटकर अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया तथा एक-दूसरे को केक खिलाकर खुशी साझा की। कार्यक्रम का माहौल भावुक और उत्साहपूर्ण रहा।

इस अवसर पर उपस्थित नर्सों को संबोधित करते हुए आलोक कुमार दूबे ने कहा कि कोरोना काल में पूरी दुनिया ने नर्सों की सेवा, साहस और समर्पण को बहुत करीब से देखा। जब कई परिवारों ने भय और असहायता में अपने परिजनों को अस्पतालों में छोड़ दिया था, उस समय नर्स बहनों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मानवता की ऐसी मिसाल पेश की जिसे दुनिया कभी भूल नहीं सकती।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर मरीज का ऑपरेशन कर अपना दायित्व निभाते हैं, लेकिन मरीज के पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौटने तक उसकी देखभाल, सेवा, दवा और मानसिक संबल देने का कार्य नर्सें निरंतर करती रहती हैं। मरीज और अस्पताल के बीच सबसे मजबूत भरोसे का रिश्ता नर्सों के माध्यम से ही बनता है।
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि नर्सों को समाज हर दिन धन्यवाद देता है, लेकिन 12 मई का दिन विशेष रूप से उनके सम्मान और योगदान को याद करने का अवसर है। आज नर्सों को सम्मानित कर हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा, धैर्य और करुणा का जो भाव नर्सों में होता है, वही चिकित्सा व्यवस्था को मानवीय बनाता है।

वहीं आइरिस हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. सुबोध कुमार सिंह ने कहा कि नर्स अस्पताल व्यवस्था का एक मजबूत स्तंभ हैं। उनके बिना न तो अस्पताल सुचारु रूप से चल सकता है और न ही मरीजों का बेहतर इलाज संभव है। मेडिकल टीम को सबसे अधिक सहयोग नर्सों से ही मिलता है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं बल्कि “नोबल एंड हम्बल वर्क” है, जो सेवा और समर्पण की सर्वोच्च मिसाल प्रस्तुत करता है।
इस मौके पर डॉ गोपाल,डा सिराज,मेंहुल दूबे मुख्य रुप से उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एचआर तनुश्री ने किया।कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने नर्सों के योगदान को सराहते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और बेहतर कार्य वातावरण की कामना की।
