Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाह देव के आरोपों को पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित, तथ्यहीन और भ्रामक बताया है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख बौखलाहट में है और हेमंत सरकार की छवि को धूमिल करने के लिए रोज नए मनगढ़ंत आरोप गढ़ रही है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि गठबंधन सरकार किसी भी मामले को दबाने में नहीं, बल्कि सच को सामने लाने में विश्वास रखती है। जैसे ही मामला संज्ञान में आया, सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसआईटी का गठन किया। भाजपा को यह याद रखना चाहिए कि जांच प्रक्रियाओं का एक तय कानूनी तरीका होता है, यह कोई राजनीतिक नाटक नहीं है। एसआईटी अपनी जिम्मेदारी से हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि,अकाउंटेंट जनरल को स्पेशल ऑडिट के लिए खुद राज्य सरकार ने अनुशंसा भेजी है, जो सरकार की साफ नीयत को दर्शाता है। ऑडिट के लिए आवश्यक दस्तावेजों को संकलित करने और कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने में समय लगता है। इसे मामला रफा-दफा करना कहना भाजपा की ओछी मानसिकता को दिखाता है। सभी संबंधित कागजात नियमानुसार सौंपे जा रहे हैं।
कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा नेताओं को अपनी आदत के अनुसार हर बात में इतिहास और केंद्रीय एजेंसियों का डर दिखाने की बीमारी है। चारा घोटाले का उदाहरण देकर डराने की कोशिश करने वाले भाजपाई यह भूल जाते हैं कि झारखंड की जनता अब उनके इन झांसों में आने वाली नहीं है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व में सरकार पूरी मजबूती और ईमानदारी से काम कर रही है।उन्होंने कहा कि जब भी भाजपा के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं होता, वह सीबीआई या अन्य केंद्रीय एजेंसियों की मांग करने लगती है। राज्य की अपनी जांच एजेंसियां पूरी तरह सक्षम हैं। भाजपा सिर्फ विकास कार्यों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रही है।
