Ranchi: झारखंड में संगठन को धार देने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए कांग्रेस ने अपनी कमर कस ली है। इसी सिलसिले में कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के झारखंड प्रभारी के. राजू 3 से 6 जून 2026 तक राज्य के चार दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे पार्टी पदाधिकारियों के साथ मैराथन बैठकें करेंगे।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के मुख्य संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि आधिकारिक तौर पर जारी टूर प्रोग्राम के अनुसार के. राजू 3 जूनको शाम 6:10 बजे दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट द्वारा रांची के लिए रवाना होंगे। रात 8:00 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे सीधे स्टेट गेस्ट हाउस जाएंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम तय है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि दौरे के दूसरे दिन यानी 4 जून को बैठकों का सिलसिला सुबह 10:30 बजे से पुराने विधानसभा भवन में शुरू होगा।
पहला सत्र 10:30 से 1:30 बजे तक होगा। जिसमें वे झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की समन्वय समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे और जिला प्रभारियों (महासचिवों) के साथ सांगठनिक कामकाज की समीक्षा करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे से वे राजमहल, दुमका, गोड्डा, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह और धनबाद लोकसभा क्षेत्रों के प्रभारियों, सह-प्रभारियों और विधानसभा प्रभारी सचिवों के साथ रणनीति तैयार करेंगे।
5 जून का दिन भी पूरी तरह बैठकों के नाम रहेगा। वे पीएसी की बैठक और फ्रंटल संगठनों से संवाद करेंगे। सुबह 10:30 बजे से वे पुराने विधानसभा में पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे। दोपहर 3:00 बजे से शेष सात संसदीय क्षेत्रों रांची, जमशेदपुर, सिंहभूम, खूंटी, लोहरदगा, पलामू और हजारीबाग के प्रभारियों के साथ बैठक होगी। शाम 6:00 से रात 8:00 बजे तक वे विभिन्न विभागों, फ्रंटल संगठनों के प्रदेश अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और प्रभारियों के साथ बैठक कर जमीन पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने का खाका खींचेंगे।
