Ranchi: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे के आह्वान पर झारखंड के सभी जिलों में पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया तथा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बरसात के मौसम में 50 लाख वृक्ष लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

राजधानी रांची में आयोजित कार्यक्रम में मेहुल दूबे के नेतृत्व में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया तथा प्रतीकात्मक रूप से वृक्षारोपण अभियान की विधिवत शुरुआत की गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
पासवा के अनुसार गर्मी की छुट्टियों के बाद मानसून शुरू होते ही राज्यभर के निजी विद्यालयों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सहभागिता से व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संतुलन को मजबूत करने के साथ-साथ विद्यार्थियों में प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता भी विकसित की जाएगी।

मेहुल दूबे ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं है, बल्कि यह सतत जनभागीदारी का अभियान है। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो आने वाले वर्षों में पर्यावरण संबंधी अनेक चुनौतियों का समाधान संभव है।
