Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव, जिला प्रभारी एवं स्टेट कोऑर्डिनेटरों की पहली संयुक्त बैठक कमिटी गठन के बाद आज पुराना विधानसभा परिसर में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की। प्रदेश प्रभारी के. राजू ने जिला प्रभारियों एवं स्टेट कोऑर्डिनेटरों की भूमिका को स्पष्ट करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती और मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में से एक है।

बैठक में एसआईआर अभियान को विशेष प्राथमिकता देते हुए सभी जिला प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक मैपिंग करने, मतदाता सूची से जुड़े मामलों की निगरानी करने तथा अभियान की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही बूथ लेवल एजेंट (BLA) को विशेष प्रशिक्षण देकर एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। इसलिए कांग्रेस पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा अनियमितता को समय रहते चिन्हित कर उसका समाधान कराया जाए।

बैठक के प्रथम सत्र में लगभग तीन घंटे तक एसआईआर की प्रक्रिया, उससे जुड़ी जटिलताओं तथा उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई। सह प्रभारी भूपेंद्र सिंह मरावी एवं प्रशिक्षक राहुल बोल ने भी जिला प्रभारियों को अभियान के विभिन्न तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।

द्वितीय सत्र में लोकसभा प्रभारी, सह प्रभारी एवं विधानसभा सचिव प्रभारियों की बैठक हुई, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ एसआईआर अभियान को प्रत्येक जिला, ब्लॉक, मंडल, ग्राम पंचायत एवं नगर वार्ड स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति बनाई गई। सभी पदाधिकारियों को नियमित क्षेत्रीय दौरा कर अभियान की प्रगति की निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक का संचालन संगठन महासचिव सुमित शर्मा ने किया। इस अवसर पर अजय नाथ शाहदेव, जय प्रकाश गुप्ता, आलोक कुमार दूबे, सुनीत शर्मा ,राजीव रंजन प्रसाद, संजय पाण्डेय,अनुपमा सिंह, सूर्यकांत शुक्ला ,सुधा गुप्ता,अजय दूबे, कुमार गौरव, रियाज अंसारी,चैतूउरांव, संजय लाल पासवान,अभिलाष साहू, केदार पासवान,अनादि ब्रह्म, रामाश्रय प्रसाद सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि 5 जून को भी पुराना विधानसभा परिसर में विभिन्न महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित होंगी, जिनमें राजनीतिक मामलों की समिति पीएसी, लोकसभा एवं विधानसभा प्रभारियों तथा फ्रंटल संगठनों एवं विभागों के प्रभारियों के साथ संगठनात्मक एवं एसआईआर अभियान की समीक्षा की जाएगी।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि एसआईआर अभियान को बूथ स्तर तक सफल बनाने के लिए पार्टी का पूरा संगठन सक्रिय रहेगा और मतदाता सूची से संबंधित प्रत्येक मुद्दे पर गंभीरता से कार्य करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!