Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने एलपीजी की कीमत में वृद्धि पर केंद्र की बीजेपी नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यूपीए की सरकार के दौरान महंगाई को लेकर हो-हल्ला करने वाले बीजेपी के नेता अब क्यों चुप हैं।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में पश्चिम एशिया संघर्ष के जवाब में 41 देशों में ईंधन के स्रोत होने के बड़े-बड़े दावे किए थे, उनका क्या हुआ? उन्होंने पूछा कि आज भी ग्रामीण इलाकों में एलपीजी की कमी क्यों है। रांची में 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 910 रुपये से बढ़ाकर 999.50 रुपये हो गई है। जबकि पिछले महीने इसकी कीमत 970 रुपये थी। उन्होंने कहा कि घरेलू एलपीजी के दामों में आग की लपटें आम जनता की रसोई को भस्म करने पर तुली हुई हैं। मोदी सरकार ने पिछले 4 महीनों में घरेलू रसोई गैस की कीमत में करीब 100 रुपये की बढ़ोतरी की है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि संसद में पीएम मोदी ने लंबे-चौड़े दावे किए थे कि वह पश्चिम एशिया युद्ध के चलते 41 देशों से ईंधन प्राप्त कर रहे हैं। उसका क्या हुआ? शहरी के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी एलपीजी की किल्लत क्यों है? 2025-26 में उज्ज्वला योजना में 5.56 करोड़ परिवारों ने केवल एक या एक भी रिफिल नहीं करवाया।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि इनमें से 3.30 करोड़ ने तो एक भी सिलेंडर रिफिल नहीं लिया। यह तो पश्चिम एशिया संकट के पहले की बात है। क्या यह मोदी सरकार की लूट का नतीजा नहीं है? उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और बीजेपी के नेता यूपीए सरकार के दौरान महंगाई का शोर मचाते थे। क्या ये सच नहीं है कि मोदी सरकार ने 12 सालों में घरेलू एलपीजी के दामों में 550 रुपये की बढ़ोतरी की है? अब भाजपा के नेता सड़कों पर सिलेंडर लेकर क्यों नहीं बैठ रहे हैं?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!