Ranchi:धरती आबा एवं जनजातीय समाज के महानायक भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर खिजरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत लालखटंगा पंचायत स्थित रिंग रोड परिसर में उनकी आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। इस अवसर पर झारखंड भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम के पहान चरखा पहान एवं प्रकाश मुंडा द्वारा पारंपरिक विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। पूजा संपन्न होने के पश्चात भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया गया तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर अपने संबोधन में डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि भारत के विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध ईस्वी सन् 712 से लेकर 1947 तक चले लगभग 1200 वर्षों के संघर्षपूर्ण इतिहास में भगवान बिरसा मुंडा और उनके नेतृत्व में संचालित ‘उलगुलान’ का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण, गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और उनके उलगुलान से प्रेरणा लेकर भारत की आने वाली पीढ़ियाँ अपने पूर्वजों के त्याग, बलिदान और संघर्ष पर गर्व करेंगी।

डॉ. वर्मा ने कहा कि भारत कभी पूर्णतः पराधीन नहीं रहा। देश के विभिन्न क्षेत्रों में बिरसा मुंडा जैसे महानायक विदेशी शासन और शोषणकारी व्यवस्थाओं के विरुद्ध निरंतर संघर्ष करते रहे और स्वतंत्रता की चेतना को जीवित रखते रहे। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज को संगठित कर अन्याय, शोषण और दमन के विरुद्ध जो संघर्ष छेड़ा, वह भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन का एक स्वर्णिम अध्याय है।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संपूर्ण जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा, सामाजिक न्याय तथा जनअधिकारों के संरक्षण के लिए समर्पित रहा। उनका संघर्ष केवल जनजातीय समाज तक सीमित नहीं था, बल्कि वह भारतीय स्वाधीनता चेतना और आत्मसम्मान के व्यापक आंदोलन का हिस्सा था। उनके विचार, राष्ट्रभक्ति और संघर्ष की भावना आज भी समाज को नई दिशा प्रदान कर रही है।

राज्यसभा सांसद ने कहा कि लालखटंगा में स्थापित यह आदमकद प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि समाज और विशेष रूप से युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी। यह प्रतिमा नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों के प्रति जागरूक करने का कार्य करेगी। उन्होंने उपस्थित लोगों से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समरस, सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन लालखटंगा पंचायत की मुखिया श्रीमती पुष्पा तिर्की ने किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा (15 नवंबर 1875 – 9 जून 1900) भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान जनजातीय योद्धा एवं मुंडा समाज के लोकनायक थे, जिनका जीवन संघर्ष, साहस और बलिदान सदैव समाज को प्रेरित करता रहेगा।

इस अवसर पर पूर्व मुखिया रितेश उरांव, ग्राम प्रधान राजेश टोप्पो, भाजपा जिलाध्यक्ष विनय धीरज महतो, उपमुखिया अजय मुंडा, अनिरुद्ध पाण्डेय, गोपाल चौधरी, संतोष पांडा, अबुआ अधिकार मंच के वेदांत कौशल, दीपक मुंडा, महादेव मुंडा, गोरखनाथ सिंह, प्रमोद सिंह, लक्ष्मण मुंडा, राजू नायक, समीर राय, सुनील मुंडा, राजेन्द्र ठाकुर, रूपल कच्छप, सविता देवी, सुशील उरांव, मीरा खलखो, सुनीता कश्यप सहित जनजातीय समाज के गणमान्य लोग, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने एवं उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!