Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव के बयान पर कड़ा पलटवार किया है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के बहाने कांग्रेस पर उंगली उठाने वाली भाजपा पहले अपने गिरेबान में झांक कर देखे। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मर्यादा की बात करने वाली भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड में एक निर्दलीय के साथ पूरी पार्टी सौंप दी। इतना ही नहीं हार्स ट्रेडिंग को बढ़ावा देने का काम किया। भाजपा नेताओं को बताना चाहिए कि चौबीस विधायक एनडीए के थे, तो 28 वोट परिमल नाथवानी को कैसे मिले।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा ने सिर्फ सहयोगी दल के विधायक को प्रलोभन देने का काम किया, बल्कि कांग्रेस विधायकों को भी तोड़ने की कोशिश की। लेकिन इसमें उन्हें कामयाबी नहीं मिली। कांग्रेस के सभी विधायकों ने एकजुट होकर प्रणव झा को वोट दिया। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा के पास कोई नीति या विजन नहीं है, इसलिए वह हमारे अंदरूनी सांगठनिक संवाद को कलह का नाम देकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेकना चाहती है। राज्यसभा चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं और इसमें हार-जीत से पार्टी कमजोर नहीं हुई, बल्कि इरादा और मजबूत हुआ है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा ने झारखंड ही नहीं, बंगाल, महाराष्ट्र और दक्षिण के कई राज्यों में छोटे दलों को समाप्त करने की कोशिश की।उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता भली-भांति जानती है कि असली धोखेबाज और भ्रष्टाचारी कौन है।उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रवक्ता जिस तरह से दूसरे राज्यों डीएमके या टीवीके के मनगढ़ंत उदाहरण दे रहे हैं, वह साफ दिखाता है कि उनके पास झारखंड के विकास और जनता के मुद्दों पर बोलने के लिए कुछ नहीं है। अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए भाजपा रोजाना झूठ की नई स्क्रिप्ट लिखती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!