Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाह देव के आरोपों को पूरी तरह से निराधार, भ्रामक और राज्य के विकास में रोड़ा अटकाने वाली राजनीति करार दिया है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार झारखंड को औद्योगिक हब बनाने और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के लिए ऐतिहासिक कदम उठा रही है, जिससे घबराकर भाजपा अनर्गल बयानबाजी कर रही है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि दावोस और यूके की यात्राओं के दौरान निवेश के प्रस्ताव और इच्छा पत्र आए थे। दिल्ली में जो हुआ, वह उन प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए औपचारिक एमओयू और निवेश की पक्की प्रतिबद्धता है। किसी भी औद्योगिक निवेश की एक तय प्रक्रिया होती है। भाजपा इसे रीपैकेजिंग कहकर अपनी प्रशासनिक और नीतिगत अज्ञानता का परिचय दे रही है।

 

कांग्रेस नेता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने तंज कसते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार सालाना दो करोड़ नौकरियों के अपने वादे को भूल चुकी है। अब जब हेमंत सोरेन सरकार दिल्ली में 99,639 करोड़ के निवेश को जमीन पर उतारकर लाखों स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खोल रही है, तो भाजपा को पेट में दर्द हो रहा है। भाजपा कभी नहीं चाहती कि झारखंड आत्मनिर्भर बने।

 

जिंदल न्यूक्लियर पावर प्रोजेक्ट पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र के सभी नियमों और 2025 के शांति एक्ट के प्रावधानों के तहत ही आगे बढ़ रही है। निजी निवेश की संभावनाओं का लाभ उठाकर झारखंड को बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की यह बड़ी कोशिश है। भाजपा को राज्य के विकास में सहयोग करने के बजाय तकनीकी पेंच फंसाकर डराने की राजनीति बंद करनी चाहिए।

 

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने साफ किया कि यह सरकार रघुवर दास जी के समय की तरह मोमेंटम झारखंड वाली सरकार नहीं है, जहां हाथी उड़ाने के नाम पर करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा दिए गए और जमीन पर एक भी उद्योग नहीं लगा। हेमंत सोरेन सरकार जमीन आवंटित करने, सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत करने और स्थानीय नीति के तहत 75% नौकरियां स्थानीय युवाओं को देने की शर्त के साथ पूरी पारदर्शिता से काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!