Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने देश में लगातार बढ़ती महंगाई पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि जून 2026 के खुदरा महंगाई के आंकड़े इस बात का स्पष्ट प्रमाण हैं कि आम लोगों की रसोई से लेकर बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जीवन की आवश्यक वस्तुएं लगातार महंगी होती जा रही हैं।
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि जून 2026 में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 4.38 प्रतिशत पर पहुंच गई है। खाद्य महंगाई 4.78 प्रतिशत से बढ़कर 5.32 प्रतिशत, फूड एंड बेवरेज महंगाई 4.55 प्रतिशत से बढ़कर 5.05 प्रतिशत, कपड़ा एवं जूता महंगाई 2.98 प्रतिशत से बढ़कर 3.23 प्रतिशत, शिक्षा सेवाओं की महंगाई 2.99 प्रतिशत से बढ़कर 3.34 प्रतिशत, हाउसिंग एवं यूटिलिटीज महंगाई 1.73 प्रतिशत से बढ़कर 1.99 प्रतिशत, फर्निशिंग एवं घरेलू सामान की महंगाई 1.89 प्रतिशत से बढ़कर 2.19 प्रतिशत तथा कोर महंगाई 3.8 प्रतिशत से बढ़कर 4.1 प्रतिशत हो गई है।
उन्होंने कहा कि इन बढ़ते आंकड़ों का सबसे अधिक असर गरीब, मध्यम वर्ग, किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, महिलाओं और युवाओं पर पड़ रहा है। परिवारों का मासिक बजट लगातार बिगड़ रहा है, जबकि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण के बजाय केवल प्रचार-प्रसार में व्यस्त दिखाई देती है।
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार आम जनता से जुड़े मुद्दों को उठाती रही है और आगे भी महंगाई, बेरोजगारी तथा आर्थिक बदहाली जैसे विषयों पर जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर तत्काल नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि आम नागरिकों को बढ़ती महंगाई से राहत मिल सके।
