Ranchi: झारखंड में चल रही मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के साथ राजनीतिक दलों की एक अहम बैठक हुई जिसमे कांग्रेस मुख्य रूप से शामिल हुआ। इस बैठक में कांग्रेस की ओर से प्रदेश महासचिव सूर्यकांत शुक्ला और प्रदेश महासचिव सह मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव शामिल हुए।

कांग्रेस नेता सूर्या कांत शुक्ला ने बताया कि पार्टी ने हजारीबाग सदर विधानसभा के विशेषकर नगर निगम क्षेत्र का मुद्दा आयोग के सामने प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि वहां वोटरों की मैपिंग के दौरान नाना-नानी के नाम का विकल्प नहीं दिया जा रहा था और बीएलओ का कहना था कि उन्हें उपायुक्त कार्यालय से ऐसा कोई आदेश नहीं मिला है। इस पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने साफ किया कि नाना-नानी के नाम से भी मैपिंग बिल्कुल होगी। उन्होंने कांग्रेस से ऐसे मतदान केंद्रों की सूची मांगी है ताकि वे सीधे बीएलओ को निर्देश देकर इस समस्या को दूर करा सकें।

लाल किशोर नाथ शाहदेवने कहा कि इस प्रक्रिया के तहत कल सरकारी बीएलओ और राजनीतिक दलों के बीएलए-2 की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इस बैठक में मुख्य रूप से एएसडीडी श्रेणी के अंतर्गत आने वाले मतदाताओं की पहचान पर चर्चा होगी। इनमें निम्नलिखित 6 श्रेणियां शामिल हैं,जिनके नाम दो जगहों पर दर्ज (डबल) हैं। मृत मतदाता। जो हमेशा के लिए दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके हैं। जिनका कोई पता नहीं मिल रहा है। जिन्होंने विदेश की नागरिकता ले ली है। जो भारत के नागरिक नहीं हैं और यहां रह रहे हैं। कल की चर्चा के बाद इन वोटरों के नाम हटाने या सुधारने पर अंतिम फैसला 22 जुलाई को लिया जाएगा।

कांग्रेस नेताओं ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से एक बार फिर मांग की है कि यदि तय समय में यह काम पूरा नहीं हो पाता है, तो इस प्रक्रिया की समय सीमा को 15 दिन और आगे बढ़ाया जाए। पार्टी का मुख्य उद्देश्य यह है कि जल्दबाजी में किसी भी वैध और योग्य मतदाता का नाम वोटर लिस्ट से न छूटने पाए।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने आम जनता और मतदाताओं से अपील की है कि जिन्हें अब तक न्यूमिरेशन फॉर्म नहीं मिला है या जिनकी मैपिंग नहीं हो पाई है, वे कल अपने-अपने बूथों पर जरूर जाएं। वहां बीएलओ से मिलकर अपनी समस्याओं को दर्ज कराएं ताकि समय रहते उनका समाधान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!