Ranchi: झारखंड के युवा जिम्नास्ट पृथ्वी देव भट्टाचार्य के दिल्ली के मंथन जिम्नास्टिक्स स्टेडियम में आयोजित थर्ड ऑल इंडिया मंथन जिम्नास्टिक्स कप 2026 (ऑल इंडिया ओपन नेशनल जिम्नास्टिक चैंपियनशिप) में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडिविजुअल मेन यूथ वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू द्वारा उन्हें अंगवस्त्र दे कर सम्मानित किया गया।पृथ्वी देव भट्टाचार्य ने अपनी शानदार उपलब्धि से पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से झारखंड सहित पूरे खेल जगत में खुशी की लहर है।
मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड हमेशा से खेल के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। पहले जहां युवा क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल जैसी खेल में दिलचस्पी दिखा रहे थे, वहीं अब जिम्नास्ट जैसे खेल के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ा है। उन्होंने पृथ्वी देव भट्टाचार्य के उज्जवल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि उनकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। ईश्वर से प्रार्थना है कि पृथ्वी देव भट्टाचार्य आने वाले समय में भी अपनी प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए झारखंड और भारत का गौरव निरंतर बढ़ाते रहें।
वहीं पृथ्वी देव भट्टाचार्य ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच विकास कुमार गोप को दिया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता से पहले वह चोटिल थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और गोल्ड जीतने के लक्ष्य के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
पृथ्वी मूल रूप से धनबाद जिले के निरसा स्थित कांजीडीह के निवासी हैं, लेकिन वर्तमान में रांची में रहकर पढ़ाई के साथ-साथ जिम्नास्टिक का प्रशिक्षण ले रहे हैं।
इस प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने कई स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी।
मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व खेल मंत्री अमर कुमार बाउरी, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज, प्रदेश कार्यालय मंत्री हेमंत दास, नेता प्रतिपक्ष के आप्त सचिव राजेन्द्र तिवारी ने भी युवा जिम्नास्ट को बधाई दी।
