Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा छात्रों के हक में उठाई गई आवाज के समर्थन में भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपने न्यायपूर्ण अधिकारों के लिए प्रदर्शन कर रहे निहत्थे छात्रों पर हुई पुलिसिया बर्बरता अत्यंत निंदनीय और लोकतंत्र को शर्मसार करने वाली है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बिल्कुल सटीक और जायज मांग की है। छात्रों पर हुई बर्बरता की सच्चाई देश के सामने लाने के लिए उच्चतम न्यायालय की निगरानी में एक स्वतंत्र उच्चाधिकार प्राप्त समिति का तत्काल गठन होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस सीधे तौर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आती है। देश के शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं, जो भारत का भविष्य हैं, उन पर जिस तरह से लाठियां बरसाई गईं, उसकी सीधी नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी केंद्रीय गृह मंत्री की है। राहुल गांधी की मांग पूरी तरह न्यायसंगत है।

उन्होंने कहा कि पेपर लीक की निरंतर घटनाओं और परीक्षाओं में धांधली से देश का युवा मानसिक और आर्थिक रूप से टूट चुका है। जब वे अपने भविष्य के लिए आवाज उठाते हैं, तो यह सरकार उन्हें न्याय देने के बजाय लाठियों से चुप कराना चाहती है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी राहुल गांधी के इस संघर्ष में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और जब तक देश के छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता, यह लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!