Hazaribagh: पब्लिक स्कूल्स एण्ड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) हजारीबाग जिला इकाई के तत्वावधान में लोकनायक जेपी विद्या मंदिर स्कूल परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पासवा के देशव्यापी 50 लाख पौधारोपण अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व हजारीबाग जिला पासवा अध्यक्ष मींकू प्रसाद ने किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में लाल किशोर नाथ शाहदेव, मेघाली सेन गुप्ता, मेंहुल दूबे एवं वीणा देवी उपस्थित रहे। विद्यालय के डायरेक्टर सह पासवा के प्रदेश सचिव उमेश प्रसाद मेहता एवं प्राचार्या सुनीता देवी के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे, उपाध्यक्ष लाल किशोर नाथ शाहदेव, जिला अध्यक्ष मींकू प्रसाद, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं सैकड़ों विद्यार्थियों ने मिलकर लगभग 500 पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

विद्यालय पहुंचने पर सभी अतिथियों का शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ, बैंड, पुष्पवर्षा, बुके एवं पौधा भेंट कर भव्य स्वागत किया। बच्चों ने स्वागत गान, गुजराती सांस्कृतिक प्रस्तुति एवं झारखंड की सांस्कृतिक झलकियों के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान पासवा के पूर्व हजारीबाग जिला अध्यक्ष स्वर्गीय विपिन कुमार के हाल ही में हुए निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनकी स्मृति में एक पौधा लगाया गया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी वीणा देवी, उनकी माता एवं बच्चे भी उपस्थित रहे। सभी ने स्व. विपिन कुमार के पर्यावरण संरक्षण के सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

सभा को संबोधित करते हुए पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने कहा कि “वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। पासवा का लक्ष्य 50 लाख पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाना है। प्रत्येक विद्यार्थी अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए। स्वर्गीय विपिन कुमार का पर्यावरण के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके अधूरे सपनों को पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”

इस अवसर पर पासवा के उपाध्यक्ष लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि “पर्यावरण संरक्षण आज पूरे समाज की जिम्मेदारी है। विद्यालयों से शुरू हुआ यह अभियान बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करेगा। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सकेगा।”

 

कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों, पासवा के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!