Ranchi: पब्लिक स्कूल्स एण्ड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) के 50 लाख पौधारोपण अभियान के अंतर्गत आज छोटानागपुर लॉ कॉलेज परिसर में 51 पौधों का वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज चतुर्वेदी, प्रोफेसर डॉ. साक्षी पाठक, डॉ. गांधी बिलुंग, डॉ. नंदिता अधिकारी, पासवा के सचिव सह प्रवक्ता मेंहुल दूबे सहित कॉलेज के विद्यार्थियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सुशांत कुमार, अटल कुमार, आदित्य झा, अंजलि चौधरी, अभिषेक देवगम, प्रियंका कुमारी, अंकुश कुमार, गौरी झा, शिवम कुमार एवं विजय कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज चतुर्वेदी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सामाजिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानव जीवन और सभ्यता को सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और यदि आज हम अधिक से अधिक वृक्ष लगाएंगे तथा उनका संरक्षण करेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।

पासवा के सचिव सह प्रवक्ता मेंहुल दूबे ने कहा कि पासवा का 50 लाख पौधारोपण अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक पौधे के संरक्षण का भी संकल्प है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की, कि वे अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी नियमित देखभाल करें, ताकि पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान जन-जन का आंदोलन बन सके।
