Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह द्वारा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और राज्य की 108 एम्बुलेंस सेवा पर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह से निराधार, हास्यास्पद और राजनीति से प्रेरित करार दिया है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा के पास जनहित का कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह केवल इरफान अंसारी के नाम का सहारा लेकर भ्रम और सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की ओछी राजनीति करने पर उतर आई है। केवल नाम में समानता होने के आधार पर दो व्यक्तियों के बीच कोई अवैध संबंध या पक्षपात जोड़ देना भाजपा की कुंठित और नकारात्मक सोच को दर्शाता है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पद संभालते ही जनहित और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सर्वोपरि रखा है। जहां भी किसी एजेंसी की कार्यप्रणाली में कमी पाई गई, उस पर निष्पक्षता से कार्रवाई की गई है। सम्मान फाउंडेशन के खिलाफ शिकायत मिलने पर सरकार ने न केवल सख्त कदम उठाए, बल्कि एम्बुलेंस सेवा प्रभावित न हो, इसके लिए एक सुचारू और पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया भी शुरू की है। वहीं उन्होंने कहा की टेंडर की तिथि बढ़ाना प्रशासनिक और तकनीकी पारदर्शिता का हिस्सा होता है ताकि अधिक से अधिक योग्य और सक्षम एजेंसियां इसमें भाग ले सकें और राज्य की जनता को सर्वश्रेष्ठ सेवा मिल सके। इसे किसी ‘मनचाहे वेंडर’ से जोड़ना भाजपा का मनगढ़ंत और काल्पनिक आरोप है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार एम्बुलेंस चालकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के बकाए भुगतान और कल्याण के प्रति पूरी तरह से संवेदनशील है। जीवीके के समय से चली आ रही पुरानी व्यवस्था की कमियों को दूर कर आधुनिक और मजबूत एम्बुलेंस ढांचा तैयार किया जा रहा है।

कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा से सवाल किया कि जब उनकी सरकार थी, तब स्वास्थ्य व्यवस्था की क्या स्थिति थी? राज्य की जनता भूली नहीं है कि भाजपा शासनकाल में एम्बुलेंस सेवाएं किस कदर वेंटिलेटर पर थीं। आज जब गठबंधन सरकार ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचा रही है, तो भाजपा को पेट में दर्द हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!