Ranchi: पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) एवं दैनिक भास्कर के संयुक्त तत्वावधान में चापू टोली, कटहल मोड़ में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के लगभग 100 पौधे लगाए गए, जिनमें कल्पतरु का पौधा विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम का नेतृत्व पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने किया। इस अभियान में शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधारोपण किया। वृक्षारोपण करने वालों में प्रो. विजय सिंह, रवि सिंह, विमलेश कुमार मिश्रा, रवि सहगल, दीपक कुमार,रवि सहगल,राजेश लकड़ा,अनिल सिन्हा,राहुल मिश्रा,सुषमा कुमारी,मिनाक्षी सिन्हा प्रमुख रूप से शामिल रहे।

इस अवसर पर पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने कहा कि “वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं। पासवा का लक्ष्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षित कर हरियाली को जनआंदोलन बनाना है। दैनिक भास्कर के सहयोग से चल रहा यह अभियान समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई चेतना पैदा कर रहा है।”
प्रो. विजय सिंह ने कहा, “प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना और उसकी देखभाल करनी चाहिए। वृक्षारोपण ही जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौती का सबसे प्रभावी समाधान है।”
विमलेश कुमार मिश्रा ने कहा, “पेड़ लगाना सबसे बड़ा सामाजिक दायित्व है। यदि आज हम पर्यावरण की रक्षा करेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और सुरक्षित जीवन मिल सकेगा। ऐसे अभियान समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं।”
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। पासवा ने बताया कि संस्था का 50 लाख पौधारोपण अभियान पूरे झारखंड में निरंतर जारी रहेगा।
