Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रवक्ता संदीप वर्मा के बयान पर तीखा हमला बोलते हुए इसे पूर्णतः भ्रामक, अनर्गल और राजनीतिक हताशा से प्रेरित बताया है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास जनहित का कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह युवाओं और छात्रों के कंधों पर बंदूक रखकर अपनी राजनीतिक रोटी सेकने की नाकाम कोशिश कर रही है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा प्रवक्ता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस्तीफे की बात कर रहे हैं, जबकि नैतिकता शब्द भाजपा के शब्दकोश में है ही नहीं। देश के करोड़ों युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वाली नीट धांधली पर मौन रहने वाली भाजपा को झारखंड की जनप्रिय सरकार पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि गठबंधन सरकार राज्य के युवाओं के भविष्य को लेकर पूरी तरह गंभीर और संवेदनशील है। जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है। अगर कहीं कोई शिकायत या अनियमितता सामने आती है, तो राज्य की जांच एजेंसियां बिना किसी दबाव के त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई कर रही हैं।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा हर बात में सीबीआई जांच की रट लगाती है। पूरा देश जानता है कि केंद्र की एजेंसियां भाजपा की राजनीतिक शाखा की तरह काम कर रही हैं। राज्य की स्वतंत्र जांच एजेंसियों पर सवाल उठाकर भाजपा युवाओं को भ्रमित करने और नियुक्ति प्रक्रियाओं को लटकाने की साजिश रच रही है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि सदन की अवधि को लेकर विपक्ष का रोना केवल मीडिया में बने रहने का जरिया है। राज्य सरकार मानसून सत्र के दौरान जनता से जुड़े हर महत्वपूर्ण विषय, विकास कार्यों और युवाओं के मुद्दों पर जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। भाजपा सत्र में रचनात्मक बहस करने के बजाय सिर्फ हंगामा करके भागने का बहाना ढूंढती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!