Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के बयानों को पूरी तरह से हास्यास्पद, अवसरवादी और राजनीतिक हताशा का प्रतीक बताया है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा को छात्रों और युवाओं के हित की बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि आदित्य साहू और उनकी पार्टी भाजपा को छात्रों और युवाओं के भविष्य से कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा केवल दिल्ली में बैठकर अनर्गल बयानबाजी कर रही है और युवाओं के मुद्दों पर राजनीतिक रोटियां सेक रही है। हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष रोजगार देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
आदित्य साहू द्वारा सीबीआई जांच और राहुल गांधी-मल्लिकार्जुन खड़गे पर की गई टिप्पणी का करारा जवाब देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने खुद ईडी, सीबीआई जैसी संवैधानिक संस्थाओं को अपना राजनीतिक हथियार बना रखा है। जब राज्य सरकार पूरी शुचिता और कड़ाई से धांधली करने वाले भू-माफिया और पेपर लीक गिरोहों पर कार्रवाई कर रही है, तब भाजपा ध्यान भटकाने के लिए नया शिगूफा छोड़ रही है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि राहुल गांधी ने देश भर में युवाओं और छात्रों के हक की आवाज उठाई है। आदित्य साहू को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के बजाय यह जवाब देना चाहिए कि केंद्र की मोदी सरकार ने देश के करोड़ों युवाओं को प्रतिवर्ष 2 करोड़ नौकरियों का जो झांसा दिया था, उसका क्या हुआ?
