Ranchi/sodag : पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की जयंती के मौके पर आज सौदाग पंचायत में झारखंड किसान कांग्रेस की ओर से धूमधाम से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर किसानों के बीच फलदार पौधों का वितरण, केक कटिंग के साथ-साथ प्रदेश अध्यक्ष सुभाष कुमार ने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए बड़ा वादा भी किया। कार्यक्रम में सौदाग पंचायत के मुखिया पतरस तिर्की और झारखंड किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे ।

केक काटकर मनाया गया राजीव गांधी का जन्मदिन

कार्यक्रम की शुरुआत राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद मुखिया पतरस तिर्की और सुभाष कुमार ने किसानों के साथ मिलकर केक काटकर पूर्व प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया। उपस्थित किसानों ने “राजीव गांधी अमर रहें” के नारे भी लगाए।

मुखिया पतरस तिर्की ने कहा,”राजीव गांधी की सोच हमेशा भविष्य को देखती थी। उन्होंने गांव, किसान और तकनीक को जोड़ने का काम किया। आज उनकी जयंती पर हम संकल्प लेते हैं कि उनके दिखाए रास्ते पर चलकर गांव को आत्मनिर्भर बनाएंगे।

किसानों के बीच किया गया फलदार पौधों का वितरण

केक काटने के बाद सुभाष कुमार ने आम, अमरूद, नींबू, कटहल सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधों का वितरण किया। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे इन पौधों को अपने खेतों और आसपास लगाकर हरियाली बढ़ाएं।

किसानों की आय दोगुनी करेंगे

सुभाष कुमार का बड़ा ऐलान  किसानों को संबोधित करते हुए सुभाष कुमार ने दो बड़े वादे किए। पहला, उन्होंने कहा,”मैं वादा करता हूं कि धान की खेतों में दवा का छिड़काव ड्रोन के माध्यम से करवाऊंगा। इससे किसानों का समय और पैसा दोनों बचेगा।”

दूसरा और सबसे बड़ा ऐलान काला नमक धान को लेकर किया। सुभाष कुमार ने कहा,”इस बार तो मैं चूक गया, लेकिन अगली बार खरीफ की फसल के समय मैं आप सबों को काला नमक धान का बीज दूंगा। आप लोग जो धान उगाएंगे उसे मैं ₹90 प्रति किलो यानी ₹9000 प्रति क्विंटल के दर से खरीदूंगा। जिससे किसानों की आय दोगुनी होगी।”

उन्होंने सरकार को लेकर कहा, “सरकार आप लोगों से धान MSP पर लेती है ₹2500 प्रति क्विंटल। लेकिन मैं वही धान ₹9000 क्विंटल की दर से लूंगा।” सरकार की अपनी मजबूरी होती है लेकिन हमारी कोई मजबूरी नहीं है.

सुभाष कुमार ने कहा कि “फलदार पौधे और वैकल्पिक फसलें किसानों की आय बढ़ाने में सहायक साबित होंगी। खेती के साथ बागवानी अपनाकर किसान अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं।”

किसानों ने लिया संकल्प

सुभाष कुमार के वादों पर किसानों ने खुशी जताई। उपस्थित किसानों और ग्रामीणों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और काला नमक धान की खेती करने का संकल्प लिया।

इस मौके पर पंचायत के स्थानीय किसान, ग्रामीण और किसान कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!