New Delhi:  झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आज नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष  मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। इस दौरान झारखंड में लगभग 26 दिनों तक चले युवाओं के आंदोलन, राज्य सरकार द्वारा किए गए हस्तक्षेप, आंदोलन के शांतिपूर्ण समाधान तथा स्वास्थ्य विभाग की ओर से युवाओं को उपलब्ध कराई गई चिकित्सा सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. इरफान अंसारी ने कांग्रेस अध्यक्ष  मल्लिकार्जुन खड़गे को आंदोलन से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट सौंपते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के मार्गदर्शन और सक्रिय हस्तक्षेप ने युवाओं के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, मुख्यमंत्री  हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार ने पूरे मामले को टकराव के बजाय संवाद, संवेदनशीलता और शांतिपूर्ण समाधान के रास्ते पर आगे बढ़ाया।

युवाओं के स्वास्थ्य को सरकार ने दी सर्वोच्च प्राथमिकता

आंदोलन के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने युवाओं के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की। मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया और आवश्यकता के अनुसार युवाओं को समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने स्वयं रातभर आंदोलन स्थल और अस्पताल पहुंचकर युवाओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली। दोनों मंत्रियों ने आंदोलनरत युवाओं से लगातार संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और मानवीय संवेदनशीलता के साथ उन्हें अनशन समाप्त करने के लिए समझाया। युवाओं को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया गया तथा उनके बेहतर इलाज एवं स्वास्थ्य सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

युवाओं के आंदोलन का शांतिपूर्ण समाधान सराहनीय” — मल्लिकार्जुन खड़गे

इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि “युवा देश का भविष्य हैं।” उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ने युवाओं की बात सुनते हुए जिस संवेदनशीलता, संयम और जिम्मेदारी के साथ आंदोलन का समाधान किया, वह सराहनीय है। खड़गे ने मुख्यमंत्री  हेमंत सोरेन सहित पूरी कैबिनेट, राज्य सरकार, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को युवाओं के आंदोलन को शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त कराने तथा आंदोलन के दौरान उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के लिए बधाई दी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा आंदोलन के दौरान युवाओं की चिकित्सा, स्वास्थ्य निगरानी और सुरक्षा के लिए किए गए प्रयासों की विशेष रूप से सराहना की तथा डॉ. इरफान अंसारी और उनकी पूरी टीम का उत्साहवर्धन किया।

राहुल गांधी युवाओं की आवाज और उनके सच्चे हमदर्द हैं : डॉ. इरफान अंसारी

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि  राहुल गांधी देश के युवाओं की आवाज हैं और उनके सच्चे हमदर्द हैं। आज देश का युवा अपने भविष्य, अधिकारों और सम्मान की लड़ाई में राहुल गांधी जी से बड़ी उम्मीद रखता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से लिया और सरकार को पत्र लिखकर उनकी मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने का संदेश दिया। उनके हस्तक्षेप से युवाओं के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती और व्यापक राजनीतिक समर्थन मिला।

डॉ. अंसारी ने कहा कि युवाओं के आंदोलन को लंबे समय तक खिंचने देना उनके भविष्य और स्वास्थ्य, दोनों के लिए नुकसानदायक होता। इसलिए सरकार ने टकराव नहीं, संवाद; दबाव नहीं, संवेदनशीलता; और विवाद नहीं, समाधान का रास्ता चुना। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री  हेमंत सोरेन ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि युवाओं से संवाद किया जाए, उनकी बात पूरी गंभीरता से सुनी जाए और उनके स्वास्थ्य का हरसंभव ध्यान रखा जाए। राज्य सरकार ने इसी भावना के अनुरूप पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया।

झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहा व्यापक परिवर्तन

मुलाकात के दौरान झारखंड में स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए किए जा रहे व्यापक कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. इरफान अंसारी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को RIMS-2, नए मेडिकल कॉलेजों, आधुनिक अस्पतालों, बेहतर चिकित्सा सुविधाओं, Digital Health तथा AI आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। राज्य के लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के साथ-साथ अत्याधुनिक तकनीक को स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने झारखंड में स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे व्यापक और दूरगामी बदलावों की सराहना करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को बधाई दी।

युवाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड सहित पूरे देश का युवा आज राहुल गांधी जी से बड़ी उम्मीद रखता है। युवाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सम्मानजनक भविष्य की रक्षा करना हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आंदोलनों का समाधान करना नहीं, बल्कि उन परिस्थितियों को दूर करना है जिनके कारण युवा अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होते हैं।युवा हमारी ताकत हैं, उनका भविष्य हमारा दायित्व है। संवाद, संवेदनशीलता और समाधान के रास्ते पर चलते हुए झारखंड सरकार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!