Ranchi: छात्र नेत्री अमीषा प्रसाद को रांची की कोतवाली पुलिस के द्वारा डिटेन करने की सूचना पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी कोतवाली थाना पहुंच गए। पूरे दो घंटे तक वे वहां बैठे और डटे रहे लेकिन अमीषा से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई। पुलिस द्वारा थाने से भी अमीषा को कहीं अन्यत्र भेज दिया गया। थाने से निकलने के बाद बाबूलाल मरांडी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बच्ची कहां है, अभी तक इसकी सूचना नहीं मिल पाई है। यह झारखंड सरकार की पुलिस प्रशासन की गुंडई है। बच्ची को जिस प्रकार उठाया गया, साफ दर्शाता है कि यह परेशान करने की नीयत से किया गया है। सरकार के विरोध में जो भी आवाज उठाएगा, उसको दबाने की यह कोशिश है। लेकिन शायद सरकार को पता नहीं है कि आप आवाज को जितना भी दबाएंगे, आवाज उतनी ही मुखर और बुलंद होगी। उन्होंने कहा कि सरकार को बच्चों को डराने धमकाने से बाज आनी चाहिए, नहीं तो उसकी भारी कीमत इन्हें चुकानी पड़ेगी।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अगर बच्ची पर कोई पुराना केस भी था तो पुलिस नोटिस थमाती, फिर वारंट होता, इसकी एक प्रक्रिया है लेकिन पुलिस ने प्रेशर डालकर भय पैदा करने के लिए यह किया है ताकि कोई आवाज नहीं उठा सके। हमने फोन पर भी बच्ची से बात कर सारे प्रकरण को समझा है। झारखंड पुलिस केस उस पर कर रही है जो हक मांग रहे हैं लेकिन जो गुंडागर्दी कर रहे हैं उस पर सरकार केस नहीं कर रही है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कल जिस प्रकार संपूर्ण झारखंड में घटना घटी। सरकार और झामुमो के गुंडों ने जिस प्रकार शांतिपूर्वक पुतला दहन कर रहे छात्रों के साथ रांची, गिरिडीह, हजारीबाग, रामगढ़ आदि में आतंक मचाते हुए डंडे बरसाए, यह निंदनीय है। रामगढ़ के झामुमो के नेता बोल रहे हैं कि जो भी सीएम का पुतला दहन करेगा, उसे पटक-पटक कर मारेंगे। हमने रामगढ़ के कार्यकर्ताओं से कहा है कि आप वहां पुतला जलाओ, कोई दिक्कत हो तो हम स्वयं वहां आकर पुतला जलाएंगे।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि लोकतंत्र में संविधान से सरकार चलेगी। विरोध प्रदर्शन के संवैधानिक हक को कोई कैसे रोक सकता है, कोई कैसे पटक पटक कर मार सकता है। उन्होंने सरकार से jmm नेता पर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की है। कहा कि ऐसे गुंडे तत्व अगर राजनीति में रहेंगे और सरकार संरक्षण देगी तो राज्य में अमन चैन फिर कैसे स्थापित रह पाएगा ? साथ ही बाबूलाल मरांडी ने कहा ,जहां-जहां jmm के गुंडों के द्वारा डंडा बरसाया गया है, उन सभी लोगों पर मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है।

इस दौरान सीपी सिंह, रोशनी खलखो आदि भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!