Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता का राहुल गांधी और गठबंधन सरकार पर सवाल उठाना पूरी तरह से हास्यास्पद, और राजनीतिक दिवालियापन का प्रतीक है। बाबूलाल मरांडी सिर्फ सुर्खियों में बने रहने के लिए झूठे और भ्रामक आरोप लगा रहे हैं।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा का इतिहास हमेशा से युवाओं और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का रहा है। बाबूलाल मरांडी आज छात्रों के नाम पर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं, लेकिन जब केंद्र और भाजपा शासित राज्यों में छात्रों व युवाओं पर लाठियां बरसाई जाती हैं, तब इनकी जुबान क्यों सिल जाती है?

कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि राज्य सरकार छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करती है लेकिन शांतिपूर्ण आंदोलन की आड़ में राजनीतिक रोटियां सेकने की भाजपा की साजिश को राज्य की जनता भली-भांति समझती है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि हमारी सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा युवाओं को केवल भड़काकर अपनी डूबती राजनीतिक नैया पार लगाने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश के हर युवा और छात्र के साथ खड़े हैं। वे अन्याय के खिलाफ देश भर में आवाज उठा रहे हैं। भाजपा को राहुल गांधी पर टिप्पणी करने से पहले अपने शासन वाले राज्यों में छात्रों के साथ हो रहे बर्ताव और बेरोजगारी के आंकड़ों पर नजर डालनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!