रांचीः झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का बयान पूरी तरह से हताशा, झूठ और पूरा नहीं करने वाला वादे के माध्यम से अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने का विफल प्रयास है। भारतीय जनता पार्टी को युवाओं के भविष्य से कोई सरोकार नहीं है, वह केवल छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेकना चाहती है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में जेएसएससी-जेपीएससी परीक्षा को लेकर के सीबीआई जांच के लिए जो याचिका दायर की थी। सुप्रीम कोर्ट ने विभिन्न पक्षों को नोटिस जारी किया है। उन्होंने कहा कि सभी जानते हैं कि मामले की सीआईडी जांच चल रही है। राज्य सरकार भी अपना पक्ष रखेगी। मामला सामने आने के बाद दो दर्जन से भी अधिक आरोपियों को जेल में डाल दिया गया है और प्रतिदिन प्रगति हो रही है। ऐसे में राज्य की सरकार जो कानूनी रूप से संबंध होगा वैसा निर्णय लेगी और सुप्रीम कोर्ट को इससे अवगत कराएगी।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि राहुल गांधी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हमेशा युवाओं के रोजगार और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की है। भाजपा का यह आरोप कि सरकार युवाओं के साथ छल कर रही है, हास्यास्पद है। असलियत यह है कि जब-जब केंद्र या राज्यों में भाजपा की सरकारें रही हैं, तब-तब व्यापमं से लेकर नीट जैसी राष्ट्रीय परीक्षाओं में पेपर लीक के महाघोटाले हुए हैं, जिन पर भाजपा मौन साध लेती है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि भाजपा जिस सीबीआई जांच की मांग कर रही है, वह केंद्र सरकार की एक ‘राजनीतिक कठपुतली’ बनकर रह गई है। भाजपा शासित राज्यों में हुए घोटालों पर सीबीआई क्यों शांत रहती है? राज्य सरकार की अपनी जांच एजेंसियां सक्षम हैं और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!