Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयानों पर कड़ा पलटवार करते हुए इसे पूरी तरह से अनर्गल, तथ्यहीन और राज्य की जनता को गुमराह करने वाला बताया है। शाहदेव ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार एमएमडीआर संशोधन अधिनियम के जरिए झारखंड के खनिज संसाधनों को पूंजीपति मित्रों के हाथों में सौंपने की साजिश कर रही है, जिसका विरोध कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से जारी रखेगी।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि एमएमडीआर कानून में संशोधन कर केंद्र सरकार राज्यों के अधिकारों का हनन कर रही है। झारखंड की खनिज संपदा यहां की जनता और आदिवासियों-मूलवासियों की है। भाजपा की नीति हमेशा से इस राज्य के जल, जंगल और जमीन को अपने उद्योगपति दोस्तों के हवाले करने की रही है।
कांग्रेस महसचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि पार्टी ने कभी राज्य को एटीएम नहीं बनाया, बल्कि केंद्र की भाजपा सरकार झारखंड के हक के 1.36 लाख करोड़ रुपये के खनन बकाये दबाकर बैठी है। अगर भाजपा नेताओं को राज्य के राजस्व की इतनी चिंता है, तो वे केंद्र से यह हक क्यों नहीं दिलवाते? उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लगाया गया सेस झारखंड के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए है। भाजपा शासित राज्यों की नीतियां हमेशा से कॉरपोरेट-परस्त रही हैं, जबकि झारखंड सरकार राज्य के खजाने को मजबूत कर रही है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा अपने राजनीतिक वजूद को बचाने के लिए छात्रों और युवाओं को भड़काने का काम कर रही है। जिन राज्यों में भाजपा सत्ता में है, वहां पेपर लीक और युवाओं पर लाठीचार्ज की घटनाएं आम हैं। झारखंड में कांग्रेस और गठबंधन सरकार पारदर्शी तरीके से युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है।
कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बीसीसीएल और कोयला खदानों की बदहाली के लिए सीधे तौर पर केंद्र सरकार और उसकी नीतियां जिम्मेदार हैं। सीआईएसएफ जैसी केंद्रीय एजेंसियों की तैनाती की मांग कर भाजपा राज्य के संघीय ढांचे और स्थानीय पुलिस-प्रशासन का अपमान कर रही है।
