Ranchi: डोरंडा स्थित प्रसिद्ध रिसालदार शाह बाबा के पांच दिवसीय सालाना उर्स के प्रथम दिन आयोजित चादरपोशी कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे शामिल हुए। उन्होंने बाबा के आस्ताने पर चादरपोशी कर झारखंड की खुशहाली, तरक्की, अमन-चैन और आपसी भाईचारे के लिए दुआ की।

चादरपोशी के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए आलोक कुमार दूबे ने कहा कि बचपन से ही वे रिसालदार शाह बाबा के मजार पर चादरपोशी के लिए आते रहे हैं। यह स्थान केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि झारखंड की गंगा-जमुनी तहजीब और हिंदू-मुस्लिम एकता का भी प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि रिसालदार शाह बाबा के आस्ताने पर झारखंड के अलावा बिहार, बंगाल, ओडिशा सहित देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु अपनी मुरादें लेकर पहुंचते हैं। यहां हर धर्म और समुदाय के लोग श्रद्धा के साथ आते हैं। यही इसकी सबसे बड़ी विशेषता है।

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि रिसालदार शाह बाबा की दरगाह को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित और घोषित किया जाना चाहिए, जिससे देश-विदेश से आने वाले लोगों को इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्थल के बारे में जानकारी मिले तथा रांची की पहचान एक ऐसे शहर के रूप में और मजबूत हो, जहां हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे की मिसाल देखने को मिलती है।

उन्होंने कहा कि बाबा के दरबार से हमेशा अमन, मोहब्बत और भाईचारे का संदेश मिलता है। उर्स के अवसर पर उन्होंने झारखंड के सभी लोगों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!