Ranchi: श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति मोरहाबादी रांची का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्य संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद के नेतृत्व में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवास में मुलाकात कर उन्हें औपचारिक रूप से इस वर्ष रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में होने वाले दही हांडी प्रतियोगिता 2026 एवं बाल गोपाल बाल राधा कार्यक्रम के समापन समारोह सह पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया। वहीं मुख्यमंत्री ने भी कार्यक्रम में शामिल होने की सहमती प्रदान कर दी। हम आपको बता दें की विगत 10 वर्षों से समिति के हर कार्यक्रम में हेमंत सोरेन ने अपना स्नेह और समर्थन देकर तथा अपनी उपस्थिति से गोविंदा की टोलियों महिला एवं पुरुष दोनों का उत्साहवर्धन किया है l उन्होंने आयोजन के लिए समिति की तारीफ की l वहीं प्रतिनिधिमंडल ने पुष्प गुच्छ स्मृति चिन्ह एवं अंग वस्त्र देकर मुख्यमंत्री को सम्मानित किया l प्रतिनिधिमंडल में मुख्य संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद, अध्यक्ष विनोद गोप ,संरक्षक डॉ राजेश गुप्ता छोटू, डॉ कुमार राजा, कार्यकारी अध्यक्ष राहुल किटू सिंह, महासचिव मनोज गुप्ता, सचिव रोहित सिंह, सह-सचिव नरेंद्र सिंह शामिल थे l

हम आपको बता दें की रांची जिला श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में इस वर्ष दिनांक 03 एवं 04 सितंबर 2026 को मोरहाबादी में भव्य रूप से श्री कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

समिति के मुख्य संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद ने जन्माष्टमी के अवसर पर होने वाले दो दिवसीय कार्यक्रम को लेकर बताया कि पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्री कृष्ण जन्मोत्सव के दो दिवसीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। दिनांक 03 सितंबर 2026, गुरुवार को बाल गोपाल एवं बाल राधा पोशाक प्रतियोगिता का आयोजन लब्ध प्रतिष्ठित गीतांजली बैंक्वेट में संध्या 4 बजे से किया जाएगा तथा दिनांक 04 सितंबर 2026, शुक्रवार को भजन संध्या, श्री कृष्ण के जीवन पर आधारित नृत्य मंचन एवं पुरुष और महिला गोविंदा दलों के लिए दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन संध्या 6 बजे से श्री कृष्ण के संध्या आरती 11 ब्राह्मणों के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार से होगा l
बाल गोपाल एवं बाल राधा पोशाक प्रतियोगिता
वहीं उन्होंने कहा की जन्मोत्सव कार्यक्रम के प्रथम दिन बाल गोपाल एवं बाल राधा पोशाक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
यह प्रतियोगिता 06 माह से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए दो वर्गों में आयोजित होगी—
प्रथम वर्ग: 06 माह से 05 वर्ष तक
द्वितीय वर्ग: 06 वर्ष से 12 वर्ष तक
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को दोपहर 03 बजे से आयोजन स्थल गीतांजली बैंक्वेट हाल पर पहुंचकर पंजीयन करवाना होगा।
दही हांडी प्रतियोगिता
दिनांक 04 सितंबर 2026 को बहुप्रतीक्षित दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन पुरुष एवं महिला वर्ग में किया जाएगा। प्रतियोगिता में 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे।
हांडी की ऊंचाई:
* पुरुष वर्ग — 20 फीट
* महिला वर्ग — 17 फीट
पुरस्कार राशि
इस वर्ष पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों के लिए पुरस्कार राशि निम्न प्रकार होगी—
प्रथम पुरस्कार — ₹61,000/-
द्वितीय पुरस्कार — ₹41,000/-
तृतीय पुरस्कार — ₹21,000/-
इसके साथ विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
प्रत्येक टीम को प्रतियोगिता में प्रदर्शन के लिए 05 मिनट का समय दिया जाएगा। निर्णायक मंडली का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा। साथ ही, नशापान कर प्रतियोगिता में भाग लेने वाले किसी भी प्रतिभागी को प्रतियोगिता में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
दिनांक 04 सितंबर 2026 को झारखंड एवं बाहर से आने वाले कलाकारों द्वारा श्री कृष्ण भजन संध्या एवं श्री कृष्ण के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर पूरे मोरहाबादी मैदान में आकर्षक विद्युत सज्जा की जाएगी तथा श्री कृष्ण का भव्य झूलन सजाया जाएगा।
प्रवेश फॉर्म
प्रवेश फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि: 02 सितंबर 2026।
प्रवेश फॉर्म गायत्री मेडिकल हॉल कचहरी चौक, Fashiaura NEXT रेडियम रोड रांची, संजय पूजा स्टोर मोरहाबादी, से प्राप्त किए जा सकते हैं l
