Ranchi: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एवं झारखंड से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के निरंतर प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की लंबे समय से चली आ रही जनमांग को डॉ. वर्मा ने रेल मंत्रालय के समक्ष प्रमुखता से उठाया था। उनके प्रयासों के फलस्वरूप रेलवे बोर्ड ने मनोहरपुर स्टेशन पर दो महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को प्रयोगात्मक आधार पर मंजूरी प्रदान की है।
डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने 3 अप्रैल 2025 को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की थी। उन्होंने पत्र में कहा था कि पश्चिमी सिंहभूम का मनोहरपुर रेलवे स्टेशन राउरकेला, रांची तथा झारखंड-बंगाल के प्रमुख रेल मार्गों से जुड़ा हुआ है। साथ ही जामदा, किरीबुरू, गुवा, बड़बिल सहित आसपास के महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह स्टेशन अत्यंत महत्वपूर्ण है। डॉ. वर्मा ने विशेष रूप से टाटा–एर्नाकुलम एक्सप्रेस सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई थी। इसके बाद रेल मंत्रालय द्वारा 1 जुलाई 2025 को संबंधित अधिकारियों को मामले में Operational Feasibility Check करने के निर्देश दिए गए। लगातार प्रयासों और रेल मंत्रालय के स्तर पर हुई कार्रवाई के बाद रेलवे बोर्ड ने 27 अगस्त 2026 को मनोहरपुर स्टेशन पर निम्नलिखित ट्रेन के ठहराव को प्रयोगात्मक आधार पर मंजूरी प्रदान की है।
मनोहरपुर स्टेशन पर इन ट्रेनों का होगा ठहराव
18189/18190 टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस
रेलवे बोर्ड ने इस ट्रेन का ठहराव शीघ्र सुविधाजनक तिथि से प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं।
डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने जताया आभार
डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं रेलवे बोर्ड का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मनोहरपुर में इन महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव क्षेत्र के हजारों यात्रियों के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने कहा, “मनोहरपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों की यह लंबे समय से चली आ रही मांग थी। यात्रियों, श्रमिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस विषय को रेल मंत्रालय के समक्ष लगातार उठाया गया। रेलवे बोर्ड की स्वीकृति जनहित के प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।”
डॉ. वर्मा ने कहा कि इन ट्रेनों के ठहराव से पश्चिमी सिंहभूम के यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी तथा मनोहरपुर क्षेत्र की औद्योगिक, व्यापारिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े विषयों को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से उठाना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है।
मनोहरपुर एवं पश्चिमी सिंहभूम के क्षेत्रवासियों ने रेलवे बोर्ड के इस निर्णय का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
