Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयानों पर जोरदार पलटवार किया है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी का पूरा बयान असत्य, भ्रामक और केवल राजनीतिक रोटियां सेकने की नीयत से दिया गया है। भाजपा अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए हमेशा की तरह जल, जंगल, जमीन और आदिवासियों की बात करने वाले संगठनों और कांग्रेस पर अनर्गल आरोप लगा रही है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि इतिहास गवाह है कि कांग्रेस ने हमेशा आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों को सींचा है। सरना धर्म कोड का प्रस्ताव विधानसभा से पारित कराकर केंद्र को भेजने का काम गठबंधन सरकार ने किया, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार उस पर कुंडली मारकर बैठी है। अगर नरेंद्र मोदी को आदिवासियों की इतनी ही चिंता है, तो वे तुरंत सरना धर्म कोड को लागू क्यों नहीं करते?

कांग्रेस नेता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि मिशनरियों ने झारखंड के सुदूर क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान दिया है। भाजपा अपनी नफरत की राजनीति के तहत हमेशा संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करती है। ऑडियो क्लिप और जुर्माना वसूलने जैसे आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं, जिन्हें जनता नकार चुकी है।

डेमोग्राफी बदलने के आरोपों पर लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी आंकड़ों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं ताकि चुनाव से पहले सांप्रदायिक और सामाजिक वैमनस्य फैलाया जा सके। केंद्र में पिछले 10 वर्षों से भाजपा की सरकार है, गृह मंत्रालय उनके पास है, फिर भी अपनी प्रशासनिक विफलताओं का ठीकरा राज्य सरकार पर फोड़ना उनकी बौखलाहट को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!