Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा रिनपास निदेशक की नियुक्ति प्रक्रिया पर उठाए गए सवालों को पूरी तरह से भ्रामक, आधारहीन और राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित करार दिया है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी का काम केवल राज्य सरकार के हर विकासत्मक और सुधारात्मक कदम में रोड़े अटकाना और जनता को भ्रमित करना रह गया है। रिनपास जैसे राज्य के अति-प्रतिष्ठित संस्थान में पिछले कई वर्षों से स्थायी निदेशक का न होना पूर्ववर्ती सरकार की प्रशासनिक विफलता और इच्छाशक्ति की कमी का परिणाम था, जिसे वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार नियमानुसार पारदर्शी तरीके से दूर करने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य विभाग द्वारा रिनपास के लिए बनाई गई नियमावली पूरी तरह से विधिसम्मत और संस्थान के सर्वांगीण विकास एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। सरकार का उद्देश्य संस्थान को एक कुशल, पारदर्शी और परिणाम देने वाला नेतृत्व प्रदान करना है।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा जब तक पद खाली रहते हैं, भाजपा प्रभारी व्यवस्था को लेकर सवाल उठाती है और जब सरकार स्थायी नियुक्ति के लिए पूरी पारदर्शिता के साथ प्रक्रिया शुरू करती है, तो भाजपा नेता मनगढ़ंत आरोप लगाकर नियुक्ति को लटकाने की साजिश रचने लगते हैं।

उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार रिनपास की गरिमा, मरीजों के बेहतर इलाज और प्रशासनिक दक्षता को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। नियुक्ति प्रक्रिया में किसी भी योग्य उम्मीदवार के अधिकारों का हनन नहीं हो रहा है, बल्कि संस्थान को बेहतर ढंग से चलाने के लिए सभी आवश्यक मापदंडों का पालन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!