Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयानों को पूरी तरह से भ्रामक, अनर्गल और राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित बताया है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए बिना किसी तथ्य के अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। राज्य सरकार और जांच एजेंसियां पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अपना काम कर रही हैं। जब भी कोई मामला सामने आता है, राज्य सरकार बिना किसी पक्षपात के त्वरित और सख्त कदम उठाती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का इतिहास हमेशा से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का रहा है। बाबूलाल मरांडी को युवाओं की नहीं, बल्कि अपनी डूबती राजनीतिक साख की चिंता है। अगर उनके पास कोई ठोस साक्ष्य हैं, तो उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रायल चलाने की जगह जांच एजेंसियों के सामने प्रस्तुत करना चाहिए.

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि किसी भी अधिकारी या मामले पर पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर आरोप लगाना और जांच को प्रभावित करने की कोशिश करना, नेता प्रतिपक्ष की हताशा को दर्शाता है। राज्य की सीआईडी और संबंधित एजेंसियां कानून के दायरे में रहकर पूरी स्वतंत्रता से जांच कर रही हैं। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और किसी निर्दोष को फंसाया नहीं जाएगा।

कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि गठबंधन सरकार राज्य के लाखों अभ्यर्थियों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा नेताओं को यह याद रखना चाहिए कि उनकी बयानबाजी से जांच प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाना राज्य की विधि-व्यवस्था को कमजोर करने जैसा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!