रांचीः झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव बीजेपी के प्रदर्शन को पूरी तरह से नौटंकी, राजनीति से प्रेरित और झारखंड के युवाओं को गुमराह करने का असफल प्रयास करार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को छात्रों के भविष्य की कोई चिंता नहीं है, वे केवल आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर इस संवेदनशील मुद्दे पर अपनी राजनीतिक रोटी सेक रहे हैं।
लाल किशोर नाथ कहा कि जब-जब राज्य में परीक्षाएं निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित की जाती हैं, भाजपा पेट दर्द से पीड़ित हो जाती है। राज्य सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ राज्य के युवाओं को उनका हक और रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है। जहां भी किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका या शिकायत मिली, सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले को जांच के दायरे में लिया। सीआईडी की जांच पूरी निष्ठा और पेशेवर तरीके से आगे बढ़ रही है, लेकिन भाजपा को राज्य की अपनी जांच एजेंसियों पर भरोसा नहीं है। सीबीआई की मांग करके भाजपा केवल जांच को लटकाने और भटकाने की साजिश रच रही है।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि आदित्य साहू और सीपी सिंह जैसे बीजेपी नेता जो आज छात्रों के हमदर्द बनने का नाटक कर रहे हैं, उन्हें अपने 15 वर्षों के शासनकाल का हिसाब देना चाहिए , जब परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक आम बात थी और युवाओं पर लाठियां बरसाई जाती थीं। हेमंत सरकार ने हमेशा छात्रों के हितों की रक्षा की है और आगे भी करेगी। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और युवाओं के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति करने की भाजपा की इस चाल को राज्य की जनता और युवा भली-भांति समझ चुके हैं।
