Ranchi : झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो से आज पीए-पीएस एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने औपचारिक भेंट कर शिष्टाचार मुलाकात की।
एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपेश निराला की अध्यक्षता में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और संस्था का प्रतीक चिन्ह भेंट किया और एसोसिएशन के उद्देश्यों और गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष को बताया कि झारखंड के सभी विधायकों, मंत्रियों एवं सांसदों के साथ कार्यरत निजी सहायकों (PA) और आप्त सचिवों (PS) के लिए एक साझा प्लेटफॉर्म का निर्माण किया गया है। इस एसोसिएशन में जनप्रतिनिधियों से जुड़े समस्त विधायी कार्यों और सदन के कार्यों को संपादित करने वाले निजी सहायक और आप्त सचिव जुड़े हुए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य विधायी कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करना और निजी सहायकों के बीच आपसी सहयोग को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने एसोसिएशन को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने लंबे विधायक जीवन से जुड़े विभिन्न अनुभवों को प्रतिनिधिमंडल के साथ साझा किया और कहा कि विधायकों के निजी सहायक और आप्त सचिव विधायी प्रणाली की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके सहयोग से ही सदन के कार्यों का सुचारू रूप से संचालन संभव हो पाता है।
उन्होंने एसोसिएशन के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के संगठन से न केवल निजी सहायकों को एक पहचान मिलेगी, बल्कि उनके कार्य कौशल में भी निखार आएगा।
प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष दीपेश कुमार निराला के अलावा उपाध्यक्ष विजय श्री, महासचिव पवन कुमार सिन्हा, कोषाध्यक्ष संजीव कुमार गुप्ता, सचिव दिनेश चंद्र प्रमाणिक, निर्भय कुमार, आलोक कुमार झा, संयुक्त सचिव समीर महतो, सदस्य मनीष कुमार, कैलाश प्रसाद, इस्तेयाक आलम, आदित्य राज गोल्डी सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।
