Ranchi: झारखंड प्रदेश ओबीसी कांग्रेस के महासचिव संजीत यादव ने आज कहा कि झारखंड के सभी ओबीसी समाज के प्रतिनिधि आगामी 25 जुलाई 2025 को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में होने वाले “कांग्रेस ओबीसी नेतृत्व का भागीदारी न्याय महासम्मेलन” में शामिल होंगे। यह ऐतिहासिक आयोजन कांग्रेस पार्टी और न्याय यात्रा के अग्रदूत राहुल गांधी की पहल पर आयोजित किया जा रहा है। वहीं कार्यक्रम में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, और कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। महासम्मेलन में ओबीसी समुदाय की न्यायिक, प्रशासनिक, मीडिया, कॉर्पोरेट और शैक्षणिक संस्थानों में हिस्सेदारी को लेकर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही, आगामी ओबीसी जनगणना के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
डॉ. अनिल जयहिंद, अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी ओबीसी विभाग के चेयरमैन ने इस कार्यक्रम का नेतृत्व संभालते हुए सभी प्रदेशों के ओबीसी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर नई पहल की शुरुआत करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह महासम्मेलन भारत के सामाजिक न्याय की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। वहीं संजीत यादव ने झारखंड के सभी जिलों के ओबीसी समाज से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली चलें और अपनी ऐतिहासिक उपस्थिति दर्ज कराएं। उन्होंने कहा,“यह समय एकजुट होकर अपने अधिकारों की आवाज को दिल्ली तक पहुंचाने का है। राहुल गांधी जी के नेतृत्व में जो न्याय यात्रा शुरू हुई है, उसमें झारखंड की भागीदारी गर्व का विषय होगी।”
“महात्मा फुले, बाबा साहेब अंबेडकर, कर्पूरी ठाकुर जैसे महापुरुषों के सामाजिक न्याय के स्वप्न को साकार करने के लिए झारखंड से हजारों की संख्या में ओबीसी समाज के प्रतिनिधि दिल्ली कूच करेंगे। राहुल गांधी जी की न्याय यात्रा की प्रेरणा से झारखंड भी इस परिवर्तन का अग्रदूत बनेगा। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पंजीकरण/रजिस्ट्रेशन आवश्यक है, जो प्रदेश कार्यालय या संबंधित जिला प्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जा रहा है।