Ranchi:प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे, मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ राजेश गुप्ता,ओबीसी कांग्रेस के प्रदेश महासचिव संजीत यादव के सौजन्य से राजीव गांधी वरिष्ठ नागरिक उद्यान एचईसी सेक्टर 2 धुर्वा में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की जन्म जयन्ती आज धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस मौके पर राजीव गांधी की प्रतिमा पर मुख्य अतिथि के तौर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विशिष्ट अतिथि के रुप में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार बालमुचू, विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ,विधायक सोनाराम सिंकू, अभिलाष साहू,परवेज आलम,मेंहुल दूबे ,शशि भूषण राय,राजेश कुमार यादव, अनिकेत कुमार उपस्थित होकर सभी ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया,दीप प्रज्वलित किया और राजीव गांधी के किए गए कार्यों की प्रशंसा की तथा कहा कि राजीव जी आधुनिक भारत के निर्माता थे।पूरे परिसर में राजीव गांधी अमर रहे,जब तक सूरज चांद रहेगा राजीव तेरा नाम रहेगा नारों से गूंजता रहा।
माल्यार्पण के उपरांत आयोजित की गई श्रद्धांजलि सभा
श्रद्धांजलि सभा को सम्बोधित करते हुए समारोह के मुख्य अतिथि केशव महतो कमलेश ने कहा कि नेहरू जी ने जिस समाजवादी समाज की कल्पना की थी उसे साकार करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कांग्रेस और नेहरू जी का स्वप्न था कि संसाधनों के दोहन और धन के संचय के साथ-साथ उसके सही वितरण पर भी ध्यान देना जरूरी है। इस बात पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है कि समाज के अंतिम व्यक्ति, दैनिक भोगी मजदूर, सीमांत कृषक, दलित, सभी तक उसका वितरण हो। उसके द्वारा ही नेहरू जी के सोशलिस्टिक पैटर्न ऑफ सोसाइटी की कल्पना साकार की जा सकती है।
स्वर्गीय राजीव गांधी के बारे में अपने विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि राजीव गांधी आज भी प्रासंगिक है और आने वाले समय में भी प्रासंगिक रहेंगे। वह विज्ञान और बदलाव के हमेशा से समर्थक रहे थे, आज जो घर-घर में मोबाइल है वह दूर संचार क्रांति, आर्थिक नीतियों पर बात हो तो नवीन आर्थिक नीति, शिक्षा के क्षेत्र में सामान्य जनों को कम पैसे में शिक्षक देने के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना जैसी अनेक चीज हैं जिन्हें समाज कभी भुला नहीं सकता. राजीव गांधी बदलाव के समर्थक रहे हैं, राजीव गांधी अतीत में भी प्रासंगिक थे हैं और भविष्य में भी प्रासंगिक रहेंगे।
इस अवसर पर आलोक कुमार दूबे ने कहा स्वर्गीय राजीव गांधी विज्ञान और भविष्य की सोच लिए वैज्ञानिक सोच रखने वाले राष्ट्रीय नेता थे और देश और समाज को बदलाव और नवीनता के लिए कदम से कदम मिलाकर चलना सिखाया, घर-घर मोबाइल बच्चों को कम पैसे में गुणात्मक शिक्षा जैसे अनेक कार्य हैं, जिन्हें देश की जनता कभी नहीं भूल पाएगी। चाहे दूर संचार के क्षेत्र की क्रांति हो, शिक्षा जगत में क्रांति हो,आर्थिक नीति की बात हो स्व राजीव गांधी हमेशा से लोगों के आदर्श रहेंगे। उनके वैज्ञानिक सोच का समर्थक तो क्या विरोधी भी सम्मान करते हैं।
मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा पंचायती राज्य व्यवस्था में महिलाओं के लिए आधी सीटें आरक्षित कर देश में बदलाव की मशाल जलाई।युवाओं को सूचना तकनीक के माध्यम से दुनिया को नेतृत्व प्रदान करने की शक्ति दी।उनके सिद्धांतों पर ही आज देश का युवा वर्ग आगे बढ़ रहा है।
महासचिव डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने कहा स्वर्गीय राजीव गांधी ने मतदान की आयु सीमा 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष कर छात्रों को लोकतंत्र में सीधी भागीदारी सुनिश्चित कर ऐतिहासिक निर्णय लिया था। पांच वर्ष के छोटे से प्रधानमंत्रित्व काल में राजीव जी का योगदान देश के लिए अविस्मरणीय है। महिलाओं की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित कर मील का पत्थर साबित कर दिया।