Ranchi: भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी की ओर से स्वास्थ्य विभाग में टेंडर घोटाले के आरोपों पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने इन आरोपों को “तथ्यहीन, झूठा और हास्यास्पद” बताया है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और निष्पक्ष है।कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वह झूठी कहानियां गढ़कर जनता को गुमराह कर रही है। इतना ही नहीं लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी अल्पसंख्यक समुदाय से आते हैं, इसलिए भाजपा जानबूझकर उन्हें निशाना बना रही है।
कांग्रेस नेता ने यह भी स्पष्ट किया है कि शिकायत मिलने के बाद स्वयं मंत्री ने इस मामले में विभागीय जांच शुरू करवा दी है और कहा है कि यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश प्रवक्ता लाल किशोर शाहदेव ने बताया कि जिस कंपनी का नाम भाजपा ले रही है, वह पिछले कई सालों से विभाग के साथ काम कर रही है। मंत्री के पदभार संभालने के बाद किसी भी संवेदक को कोई अतिरिक्त लाभ या काम नहीं दिया गया है।
