Ranchi:जयपाल सिंह स्टेडियम कचहरी रोड के समक्ष रांची महानगर काली पूजा समिति द्वारा निर्मित भव्य एवं काल्पनिक काली पूजा पंडाल का उद्घाटन रविवार को विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने संयुक्त रूप से किया। इसके साथ ही मां काली के पट भी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए, जिससे पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण व्याप्त हो गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने पूजा समिति की भव्य तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता के भी प्रतीक हैं।
इस मौके पर पूर्व वित्त मंत्री सह विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा “काली पूजा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश भी देती है। ऐसे भव्य आयोजन समाज में एकता और सद्भाव का माहौल बनाते हैं।”
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा
“रांची महानगर काली पूजा समिति द्वारा बनाया गया यह पंडाल अद्भुत कलात्मकता का उदाहरण है। श्रद्धा और संस्कृति का यह संगम झारखंड की समृद्ध परंपरा को प्रदर्शित करता है।”
मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे ने कहा,“हमारा प्रयास है कि भक्तजन सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें। काली पूजा के माध्यम से समाज में प्रकाश, सत्य और एकता का संदेश फैलाना ही हमारा उद्देश्य है।”

कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. अजीत सहाय, रांची महानगर काली पूजा समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे, अध्यक्ष विनय सिंह, संरक्षक लाल किशोर नाथ शाहदेव, वरिष्ठ समाजसेवी रवि कुमार पिंकू, राजन बर्मा, शंकर दुबे, अनिल केसरी, संजय कुमार, बबलू बर्मा, मेहुल दूबे, रोहन सिंह, नन्द किशोर सिंह चंदेल, विशाल सिंह, अनिकेत कुमार, अमर कुमार, अजीत कुमार एवं कुमार बंटी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित थे।
पूरे परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और पारंपरिक थीम पर आधारित कलात्मक पंडाल से सजाया गया है। पूजा समिति की ओर से सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।


