Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा का ‘बैल राग’ सिर्फ सस्ती राजनीतिक नौटंकी है, जिसका जमीनी हकीकत से कोई लेना-देना नहीं है।
किशोर शाहदेव ने कहा कि आदित्य साहू जी बैल और किसान की दुहाई दे रहे हैं, लेकिन किसानों के हित में राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों को वे जानबूझकर नजरअंदाज कर रहे हैं। राज्य सरकार ने किसानों को ऋण माफी दी है और कृषि क्षेत्र को लगातार मजबूत किया है। बैल गांव की पहचान है, और गांव के विकास के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि आदित्य साहू ने जिस पूर्व मुख्यमंत्री को अपमानित करने का आरोप लगाया है, उन्हें यह याद रखना चाहिए कि हेमंत सोरेन सरकार जनता के जनादेश से बनी है और जनता के लिए काम कर रही है। अब भाजपा अनावश्यक रूप से आदिवासी अस्मिता से जोड़कर घड़ियाली आंसू बहा रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि सांसद आदित्य साहू ने लूट, झूठ और कुशासन की बात की है। जनता जानती है कि खनन घोटाले और भ्रष्टाचार के आरोप किस पार्टी के नेताओं पर ज्यादा हैं। हेमंत सरकार ने पिछले कार्यकाल की लूट को उजागर किया है और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता बालू, पत्थर, खान खनिज की लूट से नहीं, बल्कि भाजपा के जुमलों और केंद्र सरकार की उपेक्षा से ऊब चुकी है। जनता, खास तौर पर युवा और महिलाएं, जानती हैं कि हेमंत सरकार ने ही रोजगार और सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा के नेता बैल के सींग की मार की धमकी दे रहे हैं, लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए कि जनता का वोट ही सबसे बड़ी मार है। उपचुनाव में जनता विकास विरोधी और झूठे आरोप लगाने वाली भाजपा को करारा जवाब देगी। हेमंत सरकार जनता के विश्वास और विकास की शक्ति के साथ मजबूती से खड़ी है।
