Ranchi:भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे के नेतृत्व में कांग्रेसजनों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी सुबह 8:00 बजे जगन्नाथपुर मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर विधानसभा परिसर के बाहर तक गई, जहाँ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

इसके पश्चात पूर्वाह्न 11:30 बजे बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर आलोक कुमार दूबे सहित कांग्रेस नेताओं ने माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

मीडिया से बातचीत में प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा भारत के महान जननायक, अद्वितीय स्वतंत्रता सेनानी और आदिवासी आंदोलन के प्रखर अग्रदूत थे। उन्होंने ब्रिटिश शासन के दमनकारी नीतियों और जमींदारी प्रथा के खिलाफ जनआंदोलन को नई दिशा दी।

 

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की विचारधारा आज भी झारखंड के लोगों को साहस, संघर्ष और आत्मसम्मान की प्रेरणा देती है। उन्होंने राज्य की अस्मिता और आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए जो आंदोलन खड़ा किया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा।

इस अवसर पर ओबीसी कांग्रेस महासचिव संजीत यादव,बबलू शर्मा,नितीन कुमार, सुजीत प्रसाद,सरवर आलम,नेहा कुमारी,सुन्दरी मिंज, रंजीत महतो,मेंहुल दूबे व बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे और पूरे आयोजन में वीर शहीद बिरसा मुंडा के प्रति गहरी आस्था देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!