Ranchi:भाजपा द्वारा राज्य सरकार पर लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि भाजपा नेताओं का बयान तथ्यों से परे, भ्रामक और राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है। छह वर्षों में राज्य को पीछे ले जाने वाली पार्टी अब जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, लेकिन झारखंड की जनता सब जानती है।

 

उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने लगातार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और सामाजिक सुरक्षा पर काम किया है। पिछली भाजपा सरकार की गलत नीतियों, बंद योजनाओं और अधूरे प्रोजेक्ट्स को कांग्रेस-झामुमो नेतृत्व वाली सरकार ने पुनर्जीवित किया है। भाजपा जिन मुद्दों को उठा रही है, उन्हीं मुद्दों पर वे अपनी नाकामियों को छिपाना चाहती है।

 

दूबे ने कहा कि छात्रवृत्ति का भुगतान नियमित प्रक्रिया के अनुसार किया जा रहा है और पिछली सरकार द्वारा लंबित फाइलों की वजह से समयावधि प्रभावित हुई थी। वर्तमान सरकार ने छात्र हितों को प्राथमिकता दी है और ऑनलाइन पारदर्शी व्यवस्था लागू की है।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा किसानों की बात कर रही है, जबकि पूरे देश में एमएसपी के मुद्दे पर सबसे अधिक विरोध भाजपा सरकार के खिलाफ हुआ है। केंद्र द्वारा लगातार राज्यों पर दबाव और देरी के बावजूद झारखंड सरकार खरीद व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। भाजपा को पहले यह बताना चाहिए कि उनकी केंद्र सरकार ने किसानों की आय दोगुनी और एमएसपी गारंटी कानून पर अब तक क्या किया।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा 450 रुपये का गैस सिलेंडर और 15 लाख का बीमा जैसी बातें उठाकर मुद्दों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है, जबकि यह उनके ही नेतृत्व में की गई घोषणाएं थीं, जिन्हें केंद्र ने कभी पूरा नहीं किया। राज्य सरकार पर सवाल उठाने से पहले भाजपा को अपने केंद्रीय वादों का हिसाब देना चाहिए।

 

झारखंड सरकार की मंत्रिपरिषद ने किसानों के हित में एक बड़ा निर्णय लेते हुए खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के लिए ‘झारखंड राज्य धान अधिप्राप्ति योजना’ को स्वीकृति दी है। इस निर्णय के तहत धान के लिए निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य के साथ राज्य सरकार द्वारा अतिरिक्त बोनस भी प्रदान किया जाएगा। इसके लिए कुल 48 करोड़ 60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। एमएसपी और बोनस दोनों को मिलाकर किसानों को अब 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान अधिप्राप्ति का लाभ मिलेगा। सरकार का यह कदम किसानों की आय बढ़ाने, समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने और कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि एनडीए विधायक दल का यह बयान चुनावी राजनीति और भ्रम फैलाने की कोशिश है। विपक्ष का काम सवाल उठाना है, लेकिन झूठी बातें फैलाना लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने विश्वास जताया कि सदन में कांग्रेस और गठबंधन के विधायक तथ्यों के साथ भाजपा को जवाब देंगे और जनता के पक्ष में मजबूत आवाज बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!