Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने रातु रोड और नागा बाबा खटाल के पास फ्लाई ओवर के नीचे स्पोर्ट्स कोर्ट बनाने की सांसद संजय सेठ की पहल को दुर्घटना को आमंत्रण देने की कोशिश करार दिया है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि पूर्व की बीजेपी सरकार में कई खेल मैदान अपने मित्रों और पूंजीपतियों के हवाले कर दिया गया और सड़क के बीच में स्पोर्ट्स कोर्ट बनाकर दुर्घटना को आमंत्रण देना है। उन्होंने भाजपा सांसद संजय सेठ द्वारा फ्लाई ओवर के नीचे स्पोर्ट्स कोर्ट बनाने का निरीक्षण महज एक राजनीतिक स्टंट और फोटो अपॉर्चुनिटी करार दिया है। उन्होंने कहा की जनता ये पूछना चाहती है कि पिछले दस वर्षों से केंद्र की सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा को रांची के युवाओं और खेल के मैदानों की याद अब क्यों आ रही है?
वहीं उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि फ्लाई ओवर बनने के बावजूद रातु रोड के व्यापारी और आम जनता त्रस्त है। सांसद महोदय को चाहिए कि वो एनएचओआई पर दबाव बनाकर शहर को जाम मुक्त कराने के लिए विभिन्न प्रोजेक्ट मंजूरी दिलाए और जल्द पूरा करवाएं, न कि पुल के नीचे दिखावटी खेल मैदान का सपना दिखाएं।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि गठबंधन सरकार ने राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए पहले ही खेल नीति और पंचायत स्तर तक मैदान विकसित किए हैं। लेकिन भाजपा केवल सरकारी संसाधनों का उपयोग अपनी ब्रांडिंग के लिए कर रही है। जनता अब इस तरह की जुमलेबाजी को समझ चुकी है और बुनियादी सुविधाओं में विफलता छिपाने के लिए किए जा रहे इन प्रयासों का जवाब देगी।
